भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। कोहली द्वारा टी20 की कप्तान छोड़ने के बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया था। इसके बाद विराट ने दक्षिण अफ्रीका जाने से पहले प्रेस कांफ्रेंस में अपना पक्ष रखा था। वह बोर्ड को पसंद नहीं आया था और गांगुली उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करना चाहते थे।
इंडियाअहेडन्यूज डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई अध्यक्ष गांगुली दिसंबर 2021 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले तत्कालीन टेस्ट कप्तान कोहली को कारण बताओ नोटिस जारी करना चाहते थे।
विराट के प्रेस कांफ्रेंस के बाद से ही गांगुली नाराज थे। इसी कारण वे टेस्ट टीम के कप्तान को कारण बताओ नोटिस जारी करने वाले थे। यह एक अभूतपूर्व कदम था। उन्होंने बोर्ड के सदस्यों से बात की थी। बातचीत के बाद बोर्ड ने टेस्ट सीरीज से कुछ दिन पहले कप्तान को नोटिस जारी करना उचित नहीं समझा।
क्या है पूरा मामला?
- यह मामला पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले शुरू हुआ था। कोहली ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले क्रिकेट के छोटे प्रारूप में कप्तानी से हटने का एलान किया था। विराट ने कहा था कि वे वर्ल्ड कप के बाद टी20 में कप्तानी नहीं करेंगे।
- इसके बाद चयनकर्ता उन्हें वनडे की कप्तानी से हटाना चाहते थे क्योंकि वे सीमित ओवरों में दो कप्तान नहीं चाहते थे। इसी बीच गांगुली ने एक इंटरव्यू में कह दिया कि उन्होंने विराट को कप्तानी छोड़ने से मना किया था।
- गांगुली के इस बयान के कुछ दिन बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम चुनी गई। उसी समय रोहित शर्मा को टी20 के साथ वनडे की भी कप्तानी सौंप दी गई। विराट को कप्तानी से बर्खास्त कर दिया गया।
- दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम के जाने से पहले एक प्रेस कांफ्रेंस में वनडे टीम की कप्तानी से हटाए जाने के बाद कोहली नाराज दिखे थे और कहा था कि उन्हें एक डेढ़ घंटे पहले इस बात की सूचना दी गई थी।
- कोहली ने इस बात का भी खुलासा किया था कि टी 20 कप्तानी छोड़ने का फैसला करने के बाद बीसीसीआई से किसी ने भी उनसे बात नहीं की। कोहली ने जिस तरह से मीडिया से बात की थी वह बीसीसीआई को पसंद नहीं आया।
- इससे यह पता चल रहा था कि विराट और बोर्ड के बीच सबकुछ ठीक नहीं है और बोर्ड ने कोहली को विश्वास में लिए बिना ही उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया। बोर्ड इस बात से ही नाराज था।
- कोहली ने दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज हारने के बाद टेस्ट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने बीसीसीआई सचिव जय शाह को फोन कर इस बारे में बताया, लेकिन सौरव गांगुली को फोन करने की जहमत नहीं उठाई।