एशिया कप में सुपर चार की सभी टीमें तय हो चुकी हैं। भारत का अगला मैच रविवार को पाकिस्तान के साथ है। इस टूर्नामेंट में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ रही हैं। इस मैच के लिए विराट कोहली खास तैयारी कर रहे हैं। विराट ने हाई-एल्टीट्यूड मास्क पहनकर कार्डियो ट्रेनिंग की है। इस मास्क का उपयोग खिलाड़ी सांस लेने की मांसपेशियों और फेफड़ों को मजबूत करने के लिए किया जाता है। सभी खिलाड़ी जरूरत महसूस होने पर इस मास्क का उपयोग करते रहते हैं। अब विराट ने अपनी फिटनेस और बेहतर करने के लिए यह मास्क पहनकर ट्रेनिंग की।
पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में कोहली ने 35 रन की अहम पारी खेली थी। उन्होंने धीमी बल्लेबाजी जरूर की थी, लेकिन विकेट नहीं गिरने दिए थे। इसी वजह से अंत के ओवरों में टीम इंडिया ने तेजी से रन बनाए। इसके बाद कोहली ने हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 59 रन की पारी खेली। अब उनसे तेज तर्रार पारी की उम्मीद है।