आईपीएल 2021 में आरसीबी की कप्तानी छोड़ने वाले विराट कोहली ने 18 महीने बाद एक बार फिर टीम की कमान संभाली। पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में उन्होंने कप्तानी की। इस मैच में टीम के नियमित कप्तान फाफ डुप्लेसिस खेल रहे थे, लेकिन उनकी पसलियों में चोट थी। इस वजह से वह फील्डिंग के लिए फिट नहीं थे। ऐसे में कोहली ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। वह टॉस जरूर हारे, लेकिन इसके बाद उन्होंने सब कुछ सही किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 47 गेंद में 59 रन बनाए और पहले विकेट के लिए फाफ डुप्लेसिस के साथ 131 रन की साझेदारी की। उनकी टीम ने 174 रन का स्कोर बनाया। इसके बाद आरसीबी की गेंदबाजी के दौरान उन्होंने शानदार कप्तानी की। पहले सिराज और हसरंगा जैसे गेंदबाजों का पावरप्ले में सही इस्तेमाल कर विकेट निकाले। इसके बाद पावरप्ले खत्म होते ही मैक्सवेल को गेंदबाजी पर लाए। इस दौरान उन्होंने सिराज की गेंदबाजी पर दो सटीक रिव्यू भी लिए। विराट ने बल्लेबाजी के दौरान भी वाइड गेंद को लेकर दो रिव्यू लिए और दोनों सफल रहे। इसके बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर डीआरएस को कोहली रिव्यू सिस्टम कहा। अक्सर फैंस धोनी के रिव्यू लेने की क्षमता पर डीआरएस को धोनी रिव्यू सिस्टम कहते हैं।
पंजाब की पारी की दूसरी ही गेंद पर उन्होंने रिव्यू लेकर अथर्व ताइदे को आउट कराया। इसके बाद चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर रिव्यू लेकर लियम लिविंगस्टोन को भी पवेलियन भेज दिया। पंजाब के बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे और एक समय ऐसा लगा कि यह टीम मैच अपने नाम कर सकती है। हालांकि, कोहली ने आक्रामक कप्तानी जारी रखी और इसी वजह से पंजाब की पूरी टीम 18.2 ओवर में ही सिमट गई। इसके साथ ही आरसीबी ने मैच 24 रन से जीत लिया। कोहली की कप्तानी में सिराज की गेंदबाजी निखर कर सामने आई और सिराज ने चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट लिए। इसके साथ ही उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी अपने नाम किया।
मैच में क्या हुआ ?
आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कोहली और डुप्लेसिस के अर्धशतक के चलते 174 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पंजाब की टीम 18.2 ओवर में 150 रन पर सिमट गई। प्रभसिमरन सिंह ने 46 और जितेश शर्मा ने 41 रन जरूर बनाए, लेकिन यह उनकी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे। आरसीबी के लिए सिराज के अलावा हसरंगा ने दो और हर्षल पटेल, वेन पार्नेल ने एक-एक विकेट लिया।