अमूमन भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली को झगड़ालू खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है, लेकिन उन्होंने 15 महीने बाद मैदान पर लौट रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का कुछ अनोखे अंदाज में वापसी का स्वागत किया।
टीम इंडिया 6 जुलाई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना हो जाएगी जहां वह विराट कोहली की अगुवाई में मेजबान टीम के साथ 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। भारतीय टीम इस समय तैयारियों के सिलसिले में बंगलुरू में कैंप में जुटी हुई है।
टीम के टेस्ट सीरीज के लिए रवाना होने से पहले करीब 15 महीने बाद मैदान पर वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अपने कप्तान से बड़ी राहत मिली है। दौरे से पहले कोहली ने शमी की वापसी पर खुशी जताई और इस तेज गेंदबाज की तारीफ करते हुए कहा कि वह टेस्ट मैच के लिए बेहद शानदार गेंदबाज हैं।
पिछले साल ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में खेले गए आईसीसी वर्ल्ड कप के बाद से करीब 15 महीने तक शमी को चोट के कारण मैदान से दूर रहना पड़ा। वर्ल्ड कप के दौरान उनके घुटनों में चोट लग गई थी। तब से उन्हें घुटने की सर्जरी तक करानी पड़ी, और अब वह पहली बार मैदान पर उतरने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "शमी निश्चित तौर पर बेहद कुशल गेंदबाज हैं और हम सभी इस बात को जानते हैं। उनके पास गेंदबाजी को लेकर काफी काबिलियत है। वह टेस्ट क्रिकेट के लिए परफेक्ट गेंदबाज हैं। मैं मानता हूं कि वह लाइन और लेंग्थ के साथ आक्रमण करने में दक्ष हैं, उनके लिए इस बात का कोई मतलब नहीं है कि विकेट कैसा है।"
कोहली ने की शमी की जमकर तारीफ
अनिल कुंबले और विराट कोहली
- फोटो : PTI
नए कोच अनिल कुंबले की निगरानी में टीम इंडिया ने फुल स्विंग की तैयारी में जुटी है, साथ ही कैरेबियाई दौरे के लिहाज से खिलाड़ी कुछ नए तरीकों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।
जब कप्तान विराट कोहली से पूछा गया कि क्या वह टीम में मौजूद अन्य तेज गेंदबाजों की तुलना में शमी के टीम से दूर रखेंगे तो उन्होंने कहा कि शमी की विविधिता ही उनको एक गेंदबाज बनाती है जो जानते हैं कि कैसे गेंदबाजी करनी है। उन्होंने कहा, "अगर गति के साथ स्विंग हो तो यह सबसे बेस्ट चीज होती है, वह सटीक लाइन और लेंग्थ के साथ गेंदबाजी कर सकते हैं। अगर रिवर्स स्विंग की बात है तो वह जानते हैं कि गेंद कहां से डालनी है। उनके पास इस बात की गहरी समझ है कि बल्लेबाज को कैसे आउट करना है। हम इस खेल में दिमागी रूप से खुद को मजबूत रखने की योजना पर काम रहे हैं।"
कोहली के अनुसार शमी को सिर्फ आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी गेंदबाजी में निरंतरता लाने की जरुरत है। कोहली ने कहा कि यह सभी जानते हैं कि शमी जब फॉर्म में होते हैं तो वह कितने खतरनाक होते हैं। शमी 15 महीने से क्रिकेट से दूर रहे हैं और कोहली जानते हैं कि सही गेंदबाजी के लिए शमी का आत्मविश्वास बढ़ाने की जरुरत है।
भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान कोहली ने कहा, "वह चोटिल होने से पहले काफी शानदार गेंदबाजी कर रहे थे। वह चोट के कारण टी-20 वर्ल्ड कप नहीं खेल सके थे, इसलिए मुझे पक्का विश्वास है कि वह जोरदार वापसी को बेताब होंगे और एक बार फिर अपने आप को साबित करना चाहेंगे।"