अपने बच्चे के साथ पहली बार विराट-अनुष्का
- फोटो : ट्विटर @AnushkaSharma
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को क्रिकेट के मैदान में चुनौतियां बेहद पसंद हैं। वे किसी भी परिस्थिति में हार नहीं मानते हैं और अपनी पूरी ताकत के साथ प्रदर्शन करते हैं। वे हमेशा अपना श्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं, और उनकी यही खूबी शायद उनके लिए फिलहाल मददगार साबित हो रही है।
विराट अब एक बच्ची के पिता बन चुके हैं और इसके साथ ही उनकी जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं। कोहली इसी साल 11 जनवरी को पिता बने जब उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने एक बेटी को जन्म दिया। इस सेलिब्रिटी जोड़ी ने अपनी बेटी का नाम वामिका रखा।
स्टार स्पोर्ट्स के साथ एक साक्षात्कार में जीवन में अपनी नई भूमिका के बारे में बोलते हुए कोहली ने पितृत्व के अपने शुरुआती दिनों पर प्रकाश डाला और बताया कि कैसे एक क्रिकेटर होने की वजह से उनके जीवन में नई भूमिका निभाना आसान हो रहा है।
उन्होंने कहा, 'सौभाग्य से एक क्रिकेटर के रूप में, मैं एक ऐसा व्यक्ति बन गया हूं जो परिस्थितियों से बहुत अच्छी तरह से वाकिफ है, ये और रवि भाई को पता होगा। मेरे लिए डायपर बदलने का तरीका समझना, उन सभी चीजों को सीखना कठिन नहीं था क्योंकि मैं सीखने के लिए उत्सुक था। मैं ये नहीं कहूंगा कि मुझे इसमें महारत हासिल हो गई है, लेकिन मैंने अब तक जो कुछ भी सीखा है, उससे बहुत सहज हूं। मेरे लिए, डायपर बदलना सीखना मुश्किल नहीं है। मैं सीखना चाहता था।
इससे पहले विराट ने चेन्नई टेस्ट की पूर्व संध्या पर बताया था कि पिता बनना उनके जीवन का सबसे खास पल था और इसे समझने के लिए किसी को इसे महसूस करना होगा। उन्होंने यह भी बताया था कि अनुष्का को डिलीवरी के लिए अस्पताल ले जाने के वक्त तक वे मोबाइल पर वाशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर की मैच जिताऊ साझेदारी देख रहे थे।