टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली वैसे तो दिल्ली के मूल निवासी हैं। लेकिन हाल ही में एक ऐसा सबूत हाथ लगा है, जिसके आधार पर यह कहना गलत नहीं होगा कि वह गोरखपुर के रहने वाले हैं। दरअसल गोरखपुर संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव में मतदाता सूची में भारतीय कप्तान विराट कोहली का नाम सामने आया है। विराट कोहली का नाम सहजनवा विधानसभा मतदाता सूची में सामने आया है।
यह मामला सामने आने के बाद अधिकारियों की क्लास लग चुकी है। विराट कोहली के नाम वाली वोटिंग पर्ची को लेकर अधिकारी दो दिन गांव में उनका पता खोजते रहे। बता दें कि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद और पूर्व संसदीय क्षेत्र है।
इलेक्शन कमीशन की यह गलती सामने आने के बाद अब वोटिंग को लेकर अधिकारियों की लापरवाही साफ तौर पर देखी जा सकती है। सोशल मीडिया पर फिलहाल यह मामला काफी तेजी से वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर यह मामला साझा करते हुए कई लोगों ने लिखा, 'यह है डिजिटल इंडिया'।