रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में विजयी लय बरकरार रखने के लिए मेहनत कर रही है। इस बीच, अभ्यास सत्र के दौरान स्टार बल्लेबाज को मेडिकल सहायता की जरूरत पड़ी जिससे प्रशंसकों में चिंता हो गई है कि क्या वह चोटिल हो गए हैं। भारत का एडिलेड में अभ्यास सत्र का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कोहली के घुटने में मेडिकल स्टाफ के सदस्य पट्टी बांधते दिख रहे हैं।
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत दर्ज की थी। अब दोनों टीमों के बीच पिंक बॉल से एडिलेड में छह दिसंबर से दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। कोहली की फॉर्म भारत के लिए महत्वपूर्ण है और पहले टेस्ट में उन्होंने शतक जड़कर फॉर्म में वापसी की थी। 36 वर्षीय इस बल्लेबाज ने पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में 143 गेंदों पर शतक जड़ा था और उनकी पारी ने भारत को 295 रनों से मिली जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
पर्थ टेस्ट में कोहली ने हासिल की थी उपलब्धि
कोहली ने पर्थ टेस्ट में अपनी शतकीय पारी से उपलब्धि हासिल की थी। कोहली अपनी शतकीय पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया में सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए थे। कोहली का ऑस्ट्रेलिया में यह सातवां टेस्ट शतक है, जबकि सचिन ने अपने करियर में ऑस्ट्रेलिया में छह शतक लगाए थे। इतना ही नहीं कोहली का ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट प्रारूप में यह छह साल बाद पहला शतक था। उन्होंने इससे पहले अंतिम बार ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 2018 में इस प्रारूप में सैकड़ा जड़ा था।
भारत के लिए राहत की बात यह है कि कप्तान रोहित शर्मा टीम में वापस आ गए हैं और कड़ा अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन कोहली की फिटनेस टीम के लिए काफी जरूरी है। दबाव में कोहली के प्रदर्शन की क्षमता सभी जानते हैं और एडिलेड में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कोहली भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं। प्रशंसक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच डे-नाइट टेस्ट का इंतजार कर रहे हैं और वे उम्मीद करेंगे कि घुटने की दिक्कत कोहली के लिए ज्यादा परेशानी ना खड़ी करे।
अभ्यास मैच से इतर नेट्स पर बहाया था पसीना
कोहली रविवार को ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैच में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे और उन्होंने इससे इतर नेट्स पर जसप्रीत बुमराह की गेंदों का सामना किया था। फैंस को इंतजार था कि वह अपने स्टार खिलाड़ी को पिंक बॉल से खेले गए अभ्यास मैच में बल्लेबाजी करते देखेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका था। एडिलेड के मैदान पर कोहली का रिकॉर्ड शानदार रहा है। एडिलेड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में कोहली दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने आठ पारियों में 509 रन बनाए हैं।