टीम इंडिया में मध्यक्रम की रीढ़ बन चुके युवा बल्लेबाज विराट कोहली को बृहस्पतिवार को कैरियर का सबसे नायाब तोहफा मिला जब वेस्ट इंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स ने अपनी तुलना उनसे की।
रिचर्ड्स ने कहा कि कोहली को देख उन्हें अपनी बल्लेबाजी याद आ गई। उन्होंने कहा, ‘विराट को बल्लेबाजी करते देखना मुझे बेहद पसंद है। ऐसा लगता है जैसे मेरी आत्मा उसमें समा गई हो। मुझे उसका जुझारूपन और आक्रामकता काफी पसंद है क्योंकि मैं भी कुछ इसी तरह का था। उसने मुझे मेरी खुद की याद दिला दी।’
61 वर्षीय रिचर्ड्स ने कहा कि न केवल बल्लेबाजी बल्कि फील्डिंग में भी विराट का हाव भाव मेरी तरह ही रहता है। बकौल रिचर्ड्स, ‘मेरी ही तरह, विराट भी चाहता है कि गेंद उसके पास तक आए। वह डाइव लगाकर रन रोकना चाहता है।’
रिचर्ड्स से जब पूछा गया कि क्या सचिन के संन्यास के बाद भारतीय क्रिकेट कोहली के इर्द गिर्द घूमेगी, तो उनका जवाब था, ‘मेरा मानना है कि जब तक सचिन खेलना जारी रखते हैं आपको उन्हें सम्मान देना चाहिए। निश्चित रूप से जब सचिन संन्यास लेते हैं तो आप कोहली पर भरोसा कर सकते हो क्योंकि अभी वह काफी युवा हैं और उनके पास काफी समय भी है। वह खुद में और सुधार कर अपने बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रख सकते हैं।’
रिचर्ड्स को भारतीय टीम के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी के रणनीति का भी बहुत बड़ा फैन माना जाता है लेकिन पूर्व कैरिबियाई दिग्गज यह कहने से खुद को नहीं रोक सके कि धोनी को विदेशी मैदानों पर भी जीत की लय बरकरार रखने की जरूरत है।