विराट कोहली को आईसीसी ने साल 2018 की टेस्ट टीम का कप्तान बनाया है। इसके अलावा ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह को भी शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड के टॉम लैथम और श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने पर आईसीसी ने ओपनिंग की जिम्मेदारी सौंपी हैं। तीसरे क्रम की जिम्मेदारी न्यूजीलैंड के केन विलियमसन संभालेंगे।
लैथम ने साल 2018 में 658 रन बनाए, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 264 रन की पारी शामिल है। करुणारत्ने ने 9 टेस्ट में 743 रन बनाए। विलियमसन ने भी साल में निरंतर बेहतर प्रदर्शन किया।
साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली चौथे क्रम पर उतरेंगे। इसके बाद ऋषभ पंत को बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज शामिल किया गया। पंत ने 8 टेस्ट में 537 रन बनाए और विकेटकीपिंग व बल्लेबाजी में कई रिकॉर्ड्स ध्वस्त किए।
वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर को बतौर ऑलराउंडर आईसीसी टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। होल्डर ने 6 टेस्ट में 336 रन बनाए और 33 विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज और नंबर-1 आईसीसी टेस्ट गेंदबाज कागिसो रबाडा को भी जगह मिली है। रबाडा ने 10 टेस्ट में 52 विकेट चटकाए।
ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर नाथन लियोन को भी टेस्ट टीम का हिस्सा बनाया गया है। लियोन ने 2018 में 10 टेस्ट में 49 विकेट चटकाए। भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने साल 2018 में 10 टेस्ट में 48 विकेट लिए और वह टेस्ट टीम में भी शामिल हैं। इसके अलावा पाक गेंदबाज मोहम्मद अब्बास को जगह दी गई है।
साल 2018 की आईसीसी की टेस्ट टीम इस प्रकार है:
विराट कोहली (कप्तान) , टॉम लैथम, दिमुथ करुणारत्ने, केन विलियमसन, हेनरी निकोल्स, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, कागिसो रबाडा, नाथन लियोन, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद अब्बास।