विराट कोहली अपने टीम इंडिया के साथियों के साथ मैदान पर मस्ती करने के लिए जाने जाते हैं और उनके डांस के वीडियो अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। बुधवार को चेन्नई में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान एक बार फिर विराट कोहली डांस करते दिखाई दिए और उनके डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस बार विराट कोहली ने शाहरुख खान की फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस के गाने लुंगी डांस पर अपने डांस का जलवा दिखाया। विराट के साथ रवींद्र जडेजा भी इस मस्ती में शामिल हो गए। इस दौरान पूरी टीम मस्ती के मूड में दिखाई दी।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ ने बुधवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव की अगुआई में भारत ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने स्टार्क, मार्श और ट्रेविस हेड की मदद से दूसरा वनडे मैच जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी की थी। ऐसे में वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला निर्णायक है।
इस मैच में टॉस से पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने कहा "हम बैटिंग करने जा रहे हैं। सतह काफी सूखी लग रही है, यहां बहुत गर्मी है। कैमरून ग्रीन अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं, इसलिए टीम में बदलाव किए गए हैं। हम पहले फील्डिंग करना चाह रहे थे। यह एक महत्वपूर्ण मैच है और निर्णायक मैच हमेशा दिलचस्प होते हैं। इस स्थिति में रहना हमेशा अच्छा होता है। हमारे लिए वापसी करना और दबाव में कुछ अच्छी क्रिकेट खेलना एक चुनौती है। उम्मीद है कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।"
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा "ऑस्ट्रेलिया एक अच्छी टीम है और आप हमेशा अपनी गहराई का परीक्षण कर सकते हैं। हम एक पुरानी से खेल रहे हैं। हम चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन यहां की परिस्थितियां स्पिनरों के अनुकूल हैं, इसलिए हम तीन स्पिनरों के साथ खेल रहे हैं।"
इस सीरीज का पहला मैच भारत ने पांच विकेट से और दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से जीता।