भारतीय कप्तान विराट कोहली पिछले दो सालों से शतक के लिए जूझ रहे हैं। 2008 में उनके करियर की शुरुआत के बाद 2020 पहला साल था, जब वो कोई शतक नहीं लगा पाए। 2021 में भी उनके बल्ले से कोई शतक नहीं निकला है। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में विराट शतक का सूखा खत्म कर सकते हैं। इस मैच से पहले अभ्यास के दौरान उन्हें एक बिल्ली भी मिली है। विराट ने इस बिल्ली के साथ फोटो भी शेयर की है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या यह बिल्ली विराट का शतकों का सूखा खत्म कर पाती है या नहीं।
विराट ने सुनहरी बिल्ली के साथ फोटो शेयर करते हुए कू किया। उन्होंने लिखा "अभ्यास के दौरान एक बिल्ली ने मुझे हेलो किया।" उनकी यह फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है। विराट की पत्नी अनुष्का ने भी इस फोटो पर कमेंट करते हुए लिखा हेलो बिल्ली।
A quick hello from a cool cat at practice 😺
View attached media content
- Virat Kohli (@virat.kohli) 23 Nov 2021
विराट ने टी-20 की कप्तानी छोड़ी
विराट कोहली का प्रदर्शन पिछले दो सालों में उनके कद के अनुरूप नहीं रहा है। उन्होंने इस दौरान रन बनाए हैं और बल्ले से अच्छा योगदान दिया है, लेकिन उनकी क्षमता इससे कही ज्यादा है। टीम इंडिया उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद करती है और फैंस चाहते हैं कि वो अपने दम पर भारत को मैच जिताएं। खराब प्रदर्शन के बाद विराट ने अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने के लिए टी-20 की कप्तानी छोड़ी है। उन्होंने आईपीएल टीम आरसीबी की कप्तानी भी छोड़ दी है।
दो साल पहले लगाया था आखिरी शतक
विराट कोहली ने 23 नवंबर 2019 को अपना आखिरी शतक लगाया था। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी, लेकिन इसके बाद से बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 50 मैच खेले हैं, लेकिन कोई शतक उनके बल्ले से नहीं निकला है। उन्होंने 40.59 के औसत से 1989 रन भी बनाए हैं। इसमें 94 रनों की नाबाद पारी भी शामिल थी, लेकिन शतकों का इंतजार जारी है।