पहले टेस्ट में फेल होने के बाद
टीम इंडिया के कप्तान
विराट कोहली पर इस तरह के आरोप लगने लगे थे कि वो तेज पिच के बल्लेबाज नहीं है, लेकिन सेंचुरियन में उन्होंने 153 की पारी खेलकर अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया।
कोहली ने न सिर्फ इस मैच में अपने टेस्ट करियर का 21वां शतक जमाया बल्कि मुश्किल में फंसी टीम का स्कोर 300 के पार भी पहुंचाया। बल्कि उन्होंने अपनी इस आतिशी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया के
सर डॉन ब्रैडमैन के एक रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।
दरअसल कोहली ने 8वीं बार 150 या फिर इससे ज्यादा रन की पारी खेली। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ ब्रैडमैन के नाम ही था। इस मैच में एक और दिलचस्प आंकड़ा यह रहा कि कोहली अपने पिछले 10 शतकों में से एक बार भी 150 रन से पहले आउट नहीं हुए हैं।
इन सबके बीच कोहली ने सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में शतक लगाने वाले पहले विदेशी कप्तान भी बन चुके हैं। उनसे पहले जिन चार कप्तानों ने इस मैदान पर शतक बनाए हैं, वो सभी
दक्षिण अफ्रीकी ही हैं। इसके अलावा कोहली के नाम अब भारतीय कप्तान के तौर पर विदेशी सरजमीं पर सबसे ज्यादा शतक लगाने का भी रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। कोहली ने विदेशी जमीं पर 13 शतक लगा लिए हैं, जबकि उनसे पहले ये कारनामा सौरव गांगुली (12 शतक) के नाम था।