भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी बहन भावना के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। इस खास मौके पर भावना ने सोशल मीडिया पर अपने भाई के साथ तस्वीर साझा की और उनके लिए भावुक संदेश भी लिखा। भावना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर विराट कोहली को राखी बांधते हुए एक तस्वीर पोस्ट की। स्टोरी में विराट के बड़े भाई विकास के साथ भावना की एक तस्वीर भी नजर आई।
बहन भावना ने लिखा खास संदेश
भावना ने अपने दोनों भाइयों के लिए प्यार भरा संदेश लिखते हुए कहा, 'जिंदगी हमें चाहे जहां भी ले जाए, मेरी दुआएं हमेशा आप तक पहुंचेंगी।' रक्षाबंधन के मौके पर शेयर की गई यह पोस्ट भाई-बहन के बीच मजबूत रिश्ते को दर्शाती है।
(फोटो क्रेडिट: भावना कोहली/इंस्टा स्टोरी)
इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रहा विराट का प्रदर्शन
क्रिकेट की बात करें तो विराट कोहली ने अपना पिछला मुकाबला जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में खेला था। उन्होंने 59 गेंदों पर 74 रन की शानदार पारी खेली थी। भारत को इस मुकाबले में 388 रन के लक्ष्य का पीछा करना था। तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट ने 48 की औसत से कुल 144 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 109.09 रहा और उन्होंने दो अर्धशतक लगाए।
इस साल छह वनडे में 384 रन
विराट कोहली ने 2026 में अब तक छह वनडे मुकाबलों में 384 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 64.00 और स्ट्राइक रेट 106.66 रहा है। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन रहा।
15 हजार वनडे रन के बेहद करीब
विराट कोहली अब वनडे क्रिकेट में 15000 रन पूरे करने के बेहद करीब हैं। उन्होंने 314 मैचों की 302 पारियों में अब तक 14941 रन बनाए हैं। ऐसे में उन्हें इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 59 रन की जरूरत है। अगर विराट वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में यह उपलब्धि हासिल करते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे में 15,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। सचिन के नाम वनडे क्रिकेट में 18426 रन हैं।
100 अंतरराष्ट्रीय शतकों की ओर विराट
विराट कोहली के नाम फिलहाल 85 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं और वह 100 इंटरनेशनल सेंचुरी के ऐतिहासिक आंकड़े की ओर बढ़ रहे हैं। विराट के अगले बार मैदान पर उतरने की उम्मीद 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में है। इस सीरीज में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।