टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली एडिलेड ओवल टेस्ट के तीसरे दिन जब बल्लेबाजी करने आए तो उन्हें दर्शकों की नाकरात्मक प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा। केएल राहुल के आउट होने के बाद विराट कोहली बल्लेबाजी करने आए तब ऑस्ट्रेलियाई फैंस ने उन्हें खरीखोटी सुनाई।
कोहली जब बल्लेबाजी करने पहुंचे तो टीम इंडिया को फायदा मिला। जोश हेजलवुड की तेज गति की गेंद विराट कोहली के पैड्स पर लगकर फाइन लेग की दिशा में बाउंड्री लाइन के पार चली गई।
दरअसल, घरेलू दर्शकों की तरफ से यह नकारात्मक प्रतिक्रिया ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर के बयान के बाद आई है। कंगारू कोच ने भारतीय कप्तान के विकेट लेने के जश्न मनाने की आलोचना की। उन्होंने कहा था, अगर कोहली जैसे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी विकेट का जश्न मनाते तो वह दुनिया में सबसे घटिया कहलाते।
कोहली शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के विकेट लेने का जश्न अपने अनोखे और आक्रामक अंदाज में मना रहे थे। लैंगर ने कहा कि उन्हें कोहली का जुनून देखकर जरूर अच्छा लगा, लेकिन उनका साथ ही मानना था कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को ऐसे में कहा जाता कि उनका स्वभाव गलत है।
बता दें कि विराट कोहली ने शनिवार को 104 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 34 रन बनाए। उन्हें नाथन लियोन ने शॉर्ट लेग पर आरोन फिंच के हाथों कैच आउट कराया। विराट ने इस दौरान दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। कोहली ऑस्ट्रेलियाई धरती पर 1000 रन बनाकर स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं। एडिलेड में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 5 रन के स्कोर पर पहुंचते ही कोहली 1000 रन के स्पेशल क्लब में शामिल हो गए।