टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने हाल ही में टीम इंडिया के लिए पहली बार टेस्ट सीरीज जीता है। लेकिन इस सीरीज के बाद जहां वह टेस्ट क्रिकेट में टॉप 10 बल्लेबाजों की सूची से बाहर हो गए वहीं वह क्रिकेट से सबसे तेज फॉरमेट ट्वंटी-20 में बल्लेबाजों की सूची में नंबर वन बन गए हैं।
आईसीसी की ओर से जारी नई रैंकिंग में कोहली दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज हैं। लेकिन इस रैंकिंग में सबसे दुखद पहलू यह है कि पहले पायदान पर कोहली के होने के बाद अगले शीर्ष 50 बल्लेबाजों में सिर्फ 2 भारतीय बल्लेबाज ही हैं। ये दो अन्य बल्लेबाज हैं सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी।
रैना भी शीर्ष 10 में शामिल थे लेकिन नई रैंकिंग में उन्हें एक स्थान का नुकसान हो गया और 11वें पायदान पर लुढ़क गए। वहीं कप्तान धोनी 33वें नंबर पर बने हुए हैं। शीर्ष 100 बल्लेबाजों की रैंकिंग की बात की जाए तो 51 से लेकर 100 तक में सिर्फ 4 और भारतीय बल्लेबाज हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में भी टीम इंडिया के गेंदबाजों की हालत ज्यादा खराब है। शीर्ष 100 गेंदबाजों की सूची में से सिर्फ 5 भारतीय गेंदबाज ही शामिल हैं।