टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और उनकी गर्लफ्रेंड बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की इसी महीने शादी की ख़बरें अफवाह निकली। बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के प्रवक्ता ने बुधवार को उन खबरों का खंडन किया जिसमें कहा गया था कि वह भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली संग अगले हफ्ते शादी करने जा रही हैं।
हाल ही में कप्तान कोहली ने लंबे ब्रेक की मांग की थी। तभी यह खबरें आई थी कि विराट और अनुष्का जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। एक न्यूज चैनल ने खबर दी कि विराट और अनुष्का इस महीने इटली में शादी करने वाले हैं। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की शादी इटली के मिलान में 9 से 12 दिसंबर के बीच होगी।
अनुष्का शर्मा के प्रवक्ता ने आफ्टरआवर्स से बातचीत में कहा, 'यह बिलकुल भी सच नहीं है। जहां चैनल दावा कर रहा है कि अनुष्का इटली के लिए रवाना हो चुकी हैं और अभी बीकेसी में बैठकर ब्रांड मीटिंग कर रही हैं। यह सही नहीं है।'
बताया जा रहा था कि विराट और अनुष्का दिसंबर के दूसरे सप्ताह में इटली की मिलान में शादी करेंगे। ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि 9, 10, 11 और 12 दिसंबर को शादी की रस्में पूरी की जाएंगी। यह भी जानकारी मिली है कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के परिवार वालों के इटली के टिकट भी बुक हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि दोनों सेलेब्रिटीज के करीबियों को ही शादी का न्योता दिया गया है।