मध्य प्रदेश की टीम वेंकटेश अय्यर के प्रदर्शन से मजबूत दिखती है जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पदार्पण टी20 शृंखला में चमकदार प्रदर्शन किया था और यही दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा कर सकता है।
विजय हजारे ट्रॉफी के नॉकआउट दौर में उत्तर प्रदेश का मुकाबला रविवार को मध्यप्रदेश की टीम से होगा जबकि अन्य दो क्वार्टर फाइनल मैचों में कर्नाटक और राजस्थान के अलावा विदर्भ और त्रिपुरा की टीमें भिड़ेंगी। फैज फजल की अगुआई वाली विदर्भ कमजोर माने जाने वाले त्रिपुरा के खिलाफ मुकाबले में प्रबल दावेदार होगी लेकिन कर्नाटक और राजस्थान के बीच टक्कर बराबरी की होगी।
विज्ञापन
मध्य प्रदेश की टीम वेंकटेश अय्यर के प्रदर्शन से मजबूत दिखती है जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पदार्पण टी20 शृंखला में चमकदार प्रदर्शन किया था और यही दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा कर सकता है। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वेंकटेश ने अभी तक पांच मैचों में 349 रन बना लिए हैं। उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों को वेंकटेश के बल्ले पर अंकुश रखना होगा। मध्य प्रदेश के लिए शुभम शर्मा भी अहम खिलाड़ी होंगे जो अभी तक लीग चरण में 335 रन बना चुके हैं लेकिन अन्य बल्लेबाजों को भी उत्तर प्रदेश के बेहतरीन आक्रमण के खिलाफ अपनी भूमिका बेहतरीन ढंग से निभानी होगी जिसमें यश दयाल और शिवम मावी जैसे तेज गेंदबाज शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश पिछले सत्र में उप विजेता रही थी और वह इस बार एक और कदम आगे बढ़ने के लिए बेताब होगी। सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक और विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल को मध्य प्रदेश के आवेश खान की अगुवाई वाले आक्रमण के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। उत्तर प्रदेश के मध्यक्रम को भी बेहतर खेल दिखाना होगा।