विजय हजारे ट्रॉफी के नए सत्र की शुरुआत धमाकेदार रही, जहां एक ओर रिकॉर्डतोड़ पारियां देखने को मिलीं तो दूसरी ओर गेंदबाजों ने भी अपनी छाप छोड़ी। कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, केरल, उत्तर प्रदेश, बंगाल और जम्मू-कश्मीर ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ईशान किशन, बाबा अपराजित, यश दुबे और शुभम खजूरिया जैसे बल्लेबाजों ने शतक जड़े, जबकि कई मुकाबले आखिरी ओवरों तक रोमांचक बने रहे।
कर्नाटक बनाम झारखंड
ईशान किशन की 39 गेंदों में 125 रन की विस्फोटक पारी के बावजूद कर्नाटक ने झारखंड को 5 विकेट से हरा दिया। देवदत्त पडिक्कल ने 118 गेंदों में 147 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। कर्नाटक ने 413 रन का विशाल लक्ष्य 15 गेंद शेष रहते हासिल किया। यह विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज है। वहीं, लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास में यह दूसरा सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले 2006 में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार जीत हासिल की थी।
तमिलनाडु बनाम पुडुचेरी
तमिलनाडु ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए पुडुचेरी को 101 रन से मात दी। प्रधोष रणजन पॉल और नारायण जगदीशन की पारियों के बाद गुरजपनीत सिंह ने 4 विकेट लेकर पुडुचेरी को 209 रन पर समेट दिया।
मध्य प्रदेश बनाम राजस्थान
यश दुबे के 103 रन की बदौलत मध्य प्रदेश ने राजस्थान को 99 रन से हराया। राजस्थान की पूरी टीम 188 रन पर सिमट गई, जहां सरांश जैन और कुमार कार्तिकेय ने गेंद से अहम भूमिका निभाई।
केरल बनाम त्रिपुरा
बाबा अपराजित ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 62 गेंदों में 102 रन बनाए और 5 विकेट भी झटके। केरल ने त्रिपुरा को 145 रन से हराकर मुकाबले में पूरी तरह दबदबा बनाया।
दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश
15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में लौटे विराट कोहली ने 131 रन की शानदार पारी खेलकर दिल्ली को चार विकेट से जीत दिलाई। सिमरजीत सिंह ने पांच विकेट लेकर आंध्र को 298 रन पर रोका।
सौराष्ट्र बनाम ओडिशा
स्वस्तिक समल के 212 रन और बिप्लब सामंतराय के शतक के बावजूद ओडिशा को हार मिली। सौराष्ट्र ने 347 रन का पीछा करते हुए पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
उत्तर प्रदेश बनाम हैदराबाद
रिंकू सिंह समेत चार अर्धशतकों की मदद से उत्तर प्रदेश ने 324 रन बनाए और फिर हैदराबाद को 84 रन से हराया। डेब्यू कर रहे जीशान अंसारी ने चार विकेट चटकाए।
बंगाल बनाम विदर्भ
विदर्भ के दो शतकों के बावजूद बंगाल ने तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। अभिमन्यु ईश्वरन और शाहबाज अहमद की अहम पारियों ने बंगाल को लक्ष्य तक पहुंचाया।
बड़ौदा बनाम असम
विश्नु सोलंकी ने नाबाद 88 रन बनाकर बड़ौदा को 5 विकेट से जीत दिलाई। असम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 282 रन बनाए थे।
जम्मू-कश्मीर बनाम चंडीगढ़
लोन नासिर की घातक गेंदबाजी और शुभम खजूरिया के शतक की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने चंडीगढ़ को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।