उत्तर प्रदेश ने छत्तीसगढ़ को हराया
प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक गोस्वामी (85) के शानदार अर्धशतक की मदद से उत्तर प्रदेश ने शनिवार को विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 32 रन से हराया। उत्तर प्रदेश ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 272 रन बनाए। अभिषेक ने 81 गेंदों की पारी में 13 चौके और एक छक्का लगाया। उनके अलावा शिवम मावी ने 48 गेंदों में नाबाद 52 रन की पारी खेली, जबकि समीर रिजवी ने भी 48 रन का योगदान दिया। हालांकि कप्तान रिंकू सिंह एक रन पर ही आउट हो गए। हर्ष यादव को सर्वाधिक तीन विकेट मिले। जवाब में छत्तीसगढ़ की टीम 49.4 ओवर में 240 रन पर ही सिमट गई। कप्तान अमनदीप ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। उत्तर प्रदेश के लिए मोहसिन खान को तीन विकेट मिले जबकि कर्ण शर्मा और विपराज ने दो-दो चटकाए।