बायें हाथ के तेज गेंदबाज बरिंदर सरां (3/25) और बिपुल शर्मा (3/14) की बदौलत चंडीगढ़ ने 20-20 ओवर के किए गए प्लेट ग्रुप मुकाबले में असम को 21 रन से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। इस जीत के साथ चंडीगढ़ चार मैचों में 12 अंक लेकर अपने ग्रुप में शीर्ष पर है।
चंडीगढ़ ने प्रीत कमल 34, विपुल शर्मा 25 और जसकरण सिंह नाबाद 28 की मदद से पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 166 रन बनाए। जवाब में असम की टीम 19.5 ओवर में 145 रन पर आउट हो गई। पुडुच्चेरी व नगालैंड और उत्तराखंड व मिजोरम के बीच प्लेट वर्ग के मैच बारिश के कारण नहीं हो सके।
विजय के शतकीय प्रहार से तमिलनाडु ने जेएंडके को रौंदा
टीम इंडिया से बाहर चल रहे ओपनर मुरली विजय (117) की शतकीय पारी से तमिलनाडु ने जम्मू एंड कश्मीर को आठ विकेट से रौंदा। तमिलनाडु की यह लगातार पांचवीं जीत है। तमिलनाडु ने 239 रन के लक्ष्य को विजय और बाबा अपराजित (नाबाद 86) के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई 166 रन की साझेदारी से 48 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले जम्मू एंड कश्मीर ने पहले खेलते हुए नौ विकेट पर 238 बनाए। उसकी तरफ से कामरान इकबाल 67, शुभम सिंह पुंडीर ने 66 और अब्दुल समद ने 50 रन बनाए।
ग्रुप के अन्य मैचों में सेना ने रवि चौहान (118) और राहुल गहलोत (107) के शतकों से मध्यप्रदेश को सात विकेट से हराया। नमन ओझा (130) के शतक और आनंद सिंह बैंस (61) के अर्द्धशतक से मध्यप्रदेश ने सात विकेट पर 282 रन बनाए पर सेना ने 47 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया। त्रिपुरा ने बिशाल घोष के 128 रन की मदद से राजस्थान को 47 रन से हराया।