यश राठौड़ और अर्थव तायडे की शानदार बल्लेबाजी के बाद निचिकेत भुते की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत विदर्भ ने विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिल्ली को 76 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अर्थन और यश की अर्धशतकीय पारियों से 50 ओवर में नौ विकेट पर 300 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली के लिए अनुज रावत ने 66 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
सेमीफाइनल में कर्नाटक से होगा सामना
लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव कांडपाल और प्रियांश आर्या ने दिल्ली को अच्छी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। नचिकेत ने प्रियांश को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद अगली ही गेंद पर नीतीश राणा को खाता खोले बिना आउट किया। हालांकि, नचिकेत हैट्रिक पूरी नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने दिल्ली की लय गड़बड़ा दी। नचिकेत ने चार विकेट लिए, जबकि कप्तान हर्ष दुबे को तीन विकेट मिले। वहीं, प्रफुल हिंगे को दो और यश कदम ने एक विकेट लिए। सेमीफाइनल में अब विदर्भ का सामना 15 जनवरी को कर्नाटक से होगा।
ईशांत की कप्तानी में उतरी थी दिल्ली
दिल्ली की टीम इस मैच में ईशांत शर्मा की कप्तानी में खेलने उतरी थी। सात वर्ष के बाद उन्होंने टीम की कप्तानी की। ईशांत ने इससे पहले आखिरी बार 2019 में दिल्ली की कप्तानी की थी। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में दिल्ली की कमान संभाली थी। ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में ईशांत को कप्तानी सौंपी गई थी। दिल्ली की टीम में आयुष बदोनी भी नहीं थे जिन्होंने हाल के समय में टीम की कप्तानी की थी। पंत ने ग्रुप स्टेज में टीम की कप्तानी की थी। ईशांत ने इस दौरान लिस्ट ए क्रिकेट में 200 विकेट भी पूरे किए थे। ईशांत ने 25वें ओवर में विदर्भ के सलामी बल्लेबाज अर्थव तायडे को आउट करने के साथ ही 200 विकेट पूरे करने की उपलब्धि हासिल कर ली। हालांकि, उनकी कप्तानी में टीम क्वार्टर फाइनल की बाधा पार नहीं कर सकी।