खराब बल्लेबाजी के कारण दिल्ली की टीम को कोलकाता में गुरुवार (17 नवंबर) को विजय हजारे ट्रॉफी वनडे में ग्रुप-बी के मैच में कर्नाटक से चार विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह उसकी टूर्नामेंट में लगातार दूसरी हार है। पिछले मैच में उसे राजस्थान ने शिकस्त दी थी। दूसरी ओर, विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल (100*) के नाबाद शतक की मदद से उत्तर प्रदेश की टीम ने नई दिल्ली में हैदराबाद को आठ गेंद शेष रहते सात विकेट से हरा दिया।
दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.4 ओवर में 159 रनों पर ही सिमट गई। दिल्ली के बल्लेबाजों को साल्ट लेक मैदान की धीमी पिच पर परेशानी हुई जिसमें नितीश राणा (43 गेंद में 30 रन) और ललित यादव (100 गेंद में 59 रन) ही कुछ टिक पाए। दिल्ली का स्कोर एक समय छह विकेट पर 66 रन हो गया था और उस पर 100 रन से कम स्कोर पर आउट होने का खतरा था, लेकिन ललित और लक्ष्य थारेजा (15) ने सातवें विकेट के लिए 44 रन जोड़कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।
कर्नाटक के तेज गेंदबाज वासुकी कौशिक ने 23 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। जवाब में सलामी बल्लेबाज रविकुमार समर्थ की 73 गेंद में 59 रन और अनुभवी मनीष पांडे की 37 गेंद में 48 रन की पारी से कर्नाटक ने 29.4 ओवर में छह विकेट पर 161 का स्कोर कर मैच अपने नाम कर लिया। इस मैच में दिल्ली को अनुभवी बल्लेबाज शिखर धवन की कमी खली जो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के लिए चले गए।
शिवम मावी ने यूपी के लिए झटके तीन विकेट
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी को उतरी हैदराबाद टीम ने 9 विकेट पर 256 रन बनाए जिसमें मिकिल जयसवाल (73) और राहुल बुद्धि (51) ने अर्धशतकीय पारी खेली। उत्तर प्रदेश के लिए शिवम मावी ने 52 रन देकर तीन और सौरभ 34 रन देकर दो विकेट लिए।
उत्तर प्रदेश ने माधव कौशिक (70) और आर्यन के बीच पहले विकेट पर 135 रन की साझेदारी से मजबूत शुरुआत की। रिंकू सिंह (नाबाद 78) ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। टीम ने 48.4 ओवरों में तीन विकेट पर 262 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। यूपी की यह चार मैचों में तीसरी जीत है।
हिमाचल को मिली त्रिपुरा से हार
त्रिपुरा ने ग्रुप ए में हिमाचल प्रदेश को 39 रन से हरा दिया। त्रिपुरा ने पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर मणिशंकर (69), दीपक खत्री(46) और ओपनर बिशाल घोष (40) की मदद से 8 विकेट पर 261 रन बनाए। कंवर अभिनय और दिग्विजय रांगी ने दो-दो विकेट लिए। वैभव अरोड़ा, कप्तान ऋषि धवन और मयंक डागर को एक-एक विकेट मिला। जवाब में हिमाचल 46.2 ओवरों में 222 रन पर सिमट गई।
ओपनर शुभम अरोड़ा ने सर्वाधिक 62 रन की पारी खेली। इसके अलावा निखिल गंगटा ने 44, कप्तान ऋषि धवन ने 45 रन बनाए। त्रिपुरा के गेंदबाज शुभम घोष ने 47 रन देकर तीन विकेट लिए। हिमाचल की चार मैचों में दूसरी हार है जबकि त्रिपुरा की इतने ही मैचों में दूसरी जीत रही।
हरियाणा ने अरुणाचल को 306 रन से रौंदा
इलीट ग्रुप सी में हरियाणा ने अरुणाचल प्रदेश को 306 रन से एकतरफा अंदाज में पराजित कर दिया। हरियाणा ने चैतन्य बिश्नोई (134) और युवराज सिंह (131) के बीच पहले विकेट पर 262 रन की साझेदारी से 8 विकेट पर 397 रन बनाए। यब निया ने 84 रन देकर पांच विकेट लिए। अरुणाचल प्रदेश के बल्लेबाज बड़े लक्ष्य के दबाव में 32.3 ओवरों में 91 रन पर सिमट गई। राहुल तेवतिया ने 24 रन देकर चार विकेट लिए। मोहित शर्मा और जयंत यादव ने दो-दो विकेट लिए। अरुणाचल की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज कामशा ने सर्वाधिक 23 रन बनाए। सात बल्लेबाज तो दहाई के अंक में नहीं पहुंचे।
अनमोलप्रीत के शतक से पंजाब ने जम्मू-कश्मीर को हराया
पंजाब ने ग्रुप डी में जम्मू-कश्मीर की टीम को 128 गेंद शेष रहते 8 विकेट से हरा दिया। जम्मू-कश्मीर ने बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर ओपनर शुभम खजूरिया (72) और कप्तान शुभम पुंडीर (58) की मदद से 47.4 ओवरों में 227 रन ही बनाए। गेंदबाज बलतेज (3/26)और हरप्रीत बरार (3/43) ने तीन-तीन विकेट लिए। सिद्धार्थ कौल ने 49 रन देकर दो विकेट लिए। पंजाब ने अनमोलप्रीत सिंह के 63 गेंदों में 101 रन की बदौलत और अभिषेक शर्मा के 89 रन की मदद से 28.4 ओवरों में दो विकेट पर 231 रन बना लिए।
संदीप की गेंदबाजी से चंडीगढ़ की जीत
चंडीगढ़ ने ग्रुप ए में मणिपुर को 147 गेंद शेष रहते छह विकेट से हरा दिया। मणिुपर पहले बल्लेबाजी करते हुए 44 ओवरों में 138 रन ही बना सकी थी। कप्तान लेंगलोनिंबा और अल बशीद ने 38-38 रन बनाए। संदीप शर्मा ने 18 रन देकर पांच विकेट लिए। अंकित कौशिक ने दो और जगजीत, गुरिंदर व रोहित ढांडा ने एक-एक विकेट लिया। चंडीगढ़ ने 25.3 ओवरों में चार विकेट पर 140 रन बना लिए। अरसलान ने 39 और अंकित कौशिक ने नाबाद 45 रन बनाए।
मध्यप्रदेश ने उत्तराखंड को हराया
शुभम शर्मा (100) और यश दुबे (72) की मदद से ग्रुप डी में मध्यप्रदेश ने उत्तराखंड को 10 रन से हरा दिया। आदित्य श्रीवास्तव ने नाबाद 53 रन बनाए। मध्यप्रदेश ने आठ विकेट पर 276 रन बनाए थे। स्वप्निल सिंह ने 60 रन देकर चार विकेट लिए। उत्तराखंड ने कड़ी टक्कर दी लेकिन टीम 9 विकेट पर 266 रन ही बना पाई। स्वप्निल सिंह ने 82 और आदित्य तारे ने 52 रन की पारी खेली। अवनीश सुधा ने 41 और दीक्षांशु नेगी ने 34 रन बनाए। कुलदीप सेन ने 51 रन देकर चार विकेट लिए।