चंडीगढ़ के लिए अर्सलान खान ने शतक लगाया
- फोटो : सोशल मीडिया
चंडीगढ़ ने शनिवार को नई दिल्ली में विजय हजारे ट्रॉफी के बड़े स्कोर वाले मैच में उत्तर प्रदेश को पांच विकेट से हरा दिया। चंडीगढ़ ने टॉस जीतकर उत्तर प्रदेश को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। माधव कौशिक की 134 रनों की पारी की मदद से उत्तर प्रदेश ने निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट पर 309 रन बनाए। माधव ने 138 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और तीन छक्के जड़े। चंडीगढ़ के लिए संदीप शर्मा ने 66 रन देकर तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम ने अर्सलान खान के नाबाद 141 और भागमदर लाथेर के 100 रनों की मदद से 50 ओवर में पांच विकेट पर 310 रन बनाकर मैच जीत लिया। अर्सलान ने 144 गेंदों में सात चौके और चार छक्के जड़े। लाथेर ने 105 गेंदों में नौ चौके और दो छक्के लगाए। उत्तर प्रदेश के लिए आकिब खान और कार्तिक त्यागी को दो-दो विकेट मिले।
उत्तराखंड की जीत में चमके अवनीश
उत्तराखंड के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप-डी में नगालैंड को सस्ते में समेटकर सात विकेट से जीत दर्ज की। अवनीश सुधा (3/33) के दम पर उत्तराखंड ने नगालैंड को 44 ओवर में 146 रनों पर ढेर कर दिया। अवनीश के अलावा अग्रिम तिवारी (2/14), अभय नेगी (2/15) और आकाश मधवाल (2/23) ने अपना-अपना योगदान दिया।
नगालैंड के लिए रोंगसेन जोनाथन (48) ही कुछ हद तक संघर्ष कर पाए। जवाब में उत्तराखंड ने 24.5 ओवरों में तीन विकेट पर 148 रन बनाकर मैच जीत लिया। अवनीश सुधा ने 62 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 52 रनों की पारी खेली। इंलिवती लेमतुर (1/25) नगालैंड के सबसे किफायती गेंदबाज रहे।
तमिलनाडु ने हरियाणा को 151 रनों से रौंदा
विकेटकीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन (128) के शानदार शतक की मदद से तमिलनाडु ने शनिवार को अलूर में विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप-सी के मुकाबले में हरियाणा को 151 रनों से रौंद दिया। तमिलनाडु ने 50 ओवर में सात विकेट पर 284 रनों का स्कोर खड़ा किया। जगदीशन ने 123 गेंदों में छह चौके और इतने छक्के जड़े। हरियाणा के लिए मोहित शर्मा ने 43 रन देकर दो और राहुल तेवतिया ने 64 रन खर्च करके दो विकेट चटकाए।
जवाब में हरियाणा की टीम खराब बल्लेबाजी के कारण 28.3 ओवर में 133 रनों पर ही सिमट गई। हरियाणा के लिए सिर्फ राहुल तेवतिया (34) ही कुछ संघर्ष कर पाए। तमिलनाडु के लिए बाबा अपराजित ने 24 रन देकर सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके।