यूपी के लिए शिवम मावी ने चार विकेट लिए।
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश ने मुंबई की मजबूत टीम को 8 विकेट से, तो जम्मू-कश्मीर ने केरल को सात विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया है। वहीं, कर्नाटक ने झारखंड को पांच विकेट से शिकस्त देकर अंतिम आठ में जगह बनाई है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले सोमवार को होंगे। उत्तर प्रदेश का सामना महाराष्ट्र से और जम्मू कश्मीर का असम से होगा।
मावी ने लिए चार विकेट, आर्यन ने खेली 82 रन की पारी
ग्रुप चरण में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच शनिवार को प्रारंभिक क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुए। उत्तर प्रदेश टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। शिवम मावी (4/41), कार्तिक त्यागी (2/43) और शिवा सिंह (2/43) ने मुंबई की टीम को 48.3 ओवर में 220 रन पर समेट दिया। विकेटकीपर हार्दिक तमोरे ने 53 और शम्स मुलानी ने 51 रन की पारियां खेलीं। विजयी लक्ष्य उत्तर प्रदेश ने 45.4 ओवर में 2 विकेट पर 221 रन बनाकर हासिल कर लिया।
प्लेयर ऑफ द मैच विकेटकीपर ओपनर आर्यन जुयाल ने 103 गेंदों का सामन कर 10 चौकों की मदद से 82 रन बनाए। दूसरे ओपनर माधव कौशिक ने 46 रन जोड़े। वहीं, प्रियम गर्ग ने नाबाद 39 और कप्तान करण शर्मा ने नाबाद 42 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। मुंबई के मोहित अवस्थी और दिव्यांश सक्सेना को एक-एक विकेट मिला।
जम्मू-कश्मीर की जीत में चमके नबी और शुभम
वहीं, आबिक नबी (4/39) की शानदार गेंदबाजी से जम्मू-कश्मीर ने केरल को 47.4 ओवर में 174 रन पर समेट दिया। विनूप मनोहरन ने सर्वाधिक 62 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर ने शुभम (61 गेंद में 76 रन) और कामरान इकबाल (96 गेंद में 51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 37.5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 175 रन बना लक्ष्य हासिल कर लिया। जम्मू कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया था।
क्वार्टर फाइनल कल
- उत्तर प्रदेश बनाम महाराष्ट्र
- पंजाब बनाम कर्नाटक
- जम्मू-कश्मीर बनाम असम
- तमिलनाडु बनाम सौराष्ट्र