विजय हजारे ट्रॉफी के चौथे दिन शुक्रवार को ग्रुप सी और प्लेट ग्रुप के छह मुकाबले खेले गए। इसमें से दो मुकाबले रद्द हो गए। ये रहा चौथे दिन हुए सभी मैचों का राउंड-अप:
ग्रुप सी:
जम्मू-कश्मीर बनाम राजस्थान
शुभम खजूरिया (94) और शुभम सिंध पुंडीर (96*) की दमदार पारियों से जम्मू एंड कश्मीर ने विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप सी मुकाबले में राजस्थान को 55 रन से हराया। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 317 रन बनाए। राजस्थान की ओर से राहुल चाहर ने दो विकेट लिए, जबकि दीपक चाहर ने 9 ओवर में 53 रन खर्च किए पर कोई सफलता नहीं मिली। जवाब में राजस्थान की पारी 49 ओवर में 262 रन पर सिमट गई। कप्तान महिपाल लोमरोर ने 88 और चेतन बिष्ट ने 72 रन बनाए। जम्मू एंड कश्मीर के लिए रामदयाल ने चार विकेट लिए।
त्रिपुरा बनाम सेना
ग्रुप की दूसरे मुकाबले में रवि चौहान (104) की शतकीय पारी के दम पर सेना ने त्रिपुरा को 19 रन से हराया। सेना ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 241 रन बनाने के बाद त्रिपुरा को 222 रन पर समेट दिया।
मध्य प्रदेश बनाम रेलवे
एक अन्य मैच में गौरव यादव(5/45) और नमन ओझा (नाबाद 60 रन) के शानदार खेल से मध्य प्रदेश ने रेलवे को तीन विकेट से हराया। एमपी ने पहले रेलवे को 32.1 ओवर में 108 रन पर ढेर कर दिया उसके बाद लक्ष्य को 24.1 ओवर में सात विकेट खोकर हासिल कर लिया।
प्लेट ग्रुप
असम बनाम उत्तराखंड
असम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। जवाब में उत्तराखंड की टीम ने कप्तान उनमुक्त चंद (78 गेंदों में 80 रन) की बेहतरीन नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 3 विकेट खोकर 27वें ओवर में हासिल कर लिया। बता दें कि दोनों टीमों के बीच का खेल 28 ओवरों के हुए मुकाबले में
पुडुचेरी बनाम मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश बनाम सिक्किम के बीच होने वाला मुकाबला मैदान गीला होने के कारण बिना टॉस किए ही रद्द घोषित कर दिया गया।