एलीट ग्रुप बी:
उत्तर प्रदेश बनाम मध्य प्रदेश
उत्तर प्रदेश को आखिरकार विजय हजारे ट्रॉफी में पहली जीत मिल ही गई। समर्थ सिंह (70), अक्षदीप नाथ (51) और प्रियम गर्ग (50) की शानदार अर्द्धशतकीय पारियों के दम पर उत्तर प्रदेश ने तीन गेंद शेष रहते मध्य प्रदेश पर पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश से मिले 278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे उत्तर प्रदेश को अभिषेक गोस्वामी(31) और उपेंद्र यादव (45) ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़कर ठोस शुरुआत दिलाई।
इसके बाद समर्थ ने मोर्चा संभाला उन्होंने नाथ के साथ तीसरे विकेट के लिए 105 और गर्ग के साथ चौथे विकेट के लिए 28 रन जोड़कर स्कोर 200 के पार पहुंचाया। समर्थ की पारी का अंत पांडे ने किया। उन्होंने अपनी पारी में 87 गेंदों का सामना कर पांच चौके व एक छक्का जड़ा। गर्ग ने रिंकू सिंह (11) और अमित मिश्रा (13 नाबाद) के साथ टीम को जीत दिलाई। इससे पहले मध्यप्रदेश की टीम ने वेंकेटेश अय्यर (83), यश दूबे (66) और कप्तान नमन ओझा (53) की पारियों से सात विकेट पर 277 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से अमित मिश्रा और शिव सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए।
आंध्रा बनाम सौराष्ट्र
पालम मैदान दिल्ली में आंध्रा ने सौराष्ट्र को 6 विकेट से हराया। सौराष्ट्र ने बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 214 रन बनाए। अर्पित वसावडा ने 55 रन बनाए। आंध्रा ने 4 विकेट पर 215 रन बनाकर मैच जीत लिया। प्रशांत कुमार ने सबसा अधिक 71 रन बनाए।
हैदराबाद बनाम छत्तीसगढ़
हैदराबाद ने छत्तीसगढ़ को 101 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 9 विकेट पर 222 रन बनाए। जवाब में छत्तीसगढ़ की पूरी टीम 121 रन बनाकर आउट हो गई तथा कम स्कोर के इस मुकाबले में बड़े अंतर से हारी।
एलीट ग्रुप सी:
बंगाल बनाम तमिलनाडु
चेन्नई में तमिलनाडु ने बंगाल को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिमन्यू इस्वरन के 72 रनों की मदद से बंगाल की टीम ने 239/10 का स्कोर बनाया। विजय शंकर ने 4 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए तमिलनाडू ने 4 विकेट पर 240 रन बनाकर मैच जीत लिया। अभिनव मुकुंद ने सबसे अधिक 94 रन बनाए।
हरियाणा बनाम त्रिपुरा
बिश्नोई चैतन्य (2/24, 55 नाबाद) और हर्षल पटेल (3/19, 41 रन) के ऑलराउंड खेल के दम पर हरियाणा ने त्रिपुरा को तीन विकेट से हराकर जीत का चौका लगाया। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से पहले हरियाणा ने त्रिपुरा को 45 ओवर में 171 रन पर ढेर कर दिया। ब्राविश शेट्टी ने सर्वाधिक 60 और विशाल घोष ने 36 रन की पारी खेली। हरियाणा के लिए राहुल तेवतिया ने भी तीन विकेट झटके। जवाब में हरियाणा ने लक्ष्य को 41.2 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाकर हासिल कर लिया।
गुजरात बनाम जेएंडके
जम्मू एंड कश्मीर का विजय हजारे ट्रॉफी में हार का सिलसिला थम नहीं रहा है। जेएंडके को रविवार को गुजरात के हाथों आठ विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा जोकि उसकी लगातार पांचवीं हरा है। पहले खेलने उतरी जेएंडके की टीम 34 ओवर में 123 रन पर ढेर हो गई। इयान देव सिंह ने सर्वाधिक 35, शुभम खजूरिया ने 27 और परवेज रसूल ने 20 रन बनाए। गुजरात की ओर से पीयूष चावला ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। जवाब में गुजरात ने लक्ष्य को प्रियंक प्रंचाल 49 और भार्गव 43 की नाबाद पारियों से 21.1 ओवर में दो विकेट पर 127 रन बनाकर हासिल कर लिया। कप्तान पार्थिव पटेल ने 24 रन बनाए।