विजय हजारे ट्रॉफी के 16वें दिन कुल चार मैच खेले गए। आइए जानते हैं 16वें दिन खेले गए सभी मैचों का राउंड-अप:
कौल ने दिलाई पंजाब को जीत
तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल (4/58) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप बी मुकाबले में बड़ौदा को तीन विकेट से हरा दिया। बल्लेबाज का न्योता पाकर बड़ौदा ने विष्णु सोलंकी 54 और युसूफ पठान 43 की मदद से आठ विकेट पर 222 रन बनाए।
पंजाब ने लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते सात विकेट खोकर हासिल कर लिया। पंजाब ने भी नियमित अंतराल पर विकेट गंवाएं पर अभिषेक शर्मा (38), शरद लुंबा (33), कप्तान गुरकीरत सिंह (39), अनमोल मल्होत्रा (39) और करण काइला (नाबाद 35) ने टीम को तीसरी जीत दिला दी। बड़ौदा के लिए ऋषि अरोथे ने तीन विकेट चटकाए।
सातवीं जीत के साथ तमिलनाडु नॉकआउट के करीब
बाबा अपराजित (111* रन, 4/30) के ऑलराउंड प्रदर्शन से तमिलनाडु ने ग्रुप सी में रेलवे को आठ विकेट से रौंदकर लगातार सातवीं जीत दर्ज की। तमिलनाडु के सात जीत के साथ 28 अंक है और नॉकआउट चरण में उसका प्रवेश तय है। गुजरात छह मैचों में छह जीत के साथ दूसरे स्थान पर है।
रेलवे ने मनीष राव 55 और प्रथम सिंह 43 की मदद से नौ विकेट पर 200 रन बनाए। तमिलनाडु ने लक्ष्य को 44.1 ओवर दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। अपराजित ने विजय शंकर (72 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 186 रन जोड़े।
अन्य मैचों में राजस्थान ने सेना को 48 रन से और बंगाल ने त्रिपुरा को पांच विकेट से हराया।