भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली विश्व कप के मौजूदा संस्करण में जमकर रन तो बरसा ही रहे हैं, अब उन्होंने गेंद से भी कमाल दिखाया है। नीदरलैंड के खिलाफ विश्व कप के 45वें और आखिरी लीग मैच में उन्होंने विकेट लिया। बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कप्तान रोहित शर्मा ने विराट को गेंदबाजी के लिए बुलाया। कोहली ने नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स को आउट कर दिया। उनके विकेट लेते ही पत्नी अनुष्का शर्मा स्टैंड में झूमने लगीं।
रोहित ने 23वें ओवर कोहली को गेंदबाजी के लिए बुलाया। विराट ने पहले ओवर में सात रन दिए। इसके बाद पारी के 25वें और अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने विकेट ले लिया। कोहली ने एडवर्ड्स को केएल राहुल के हाथों कैच कराया। जैसे ही विराट ने विकेट लिया, अनुष्का खुशी से झूमने लगीं।
2014 के बाद कोहली को मिला पहला विकेट
विराट कोहली ने वनडे में 2014 के बाद पहली बार कोई विकेट लिया है। पिछली बार उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में ब्रैंडन मैकुलम को आउट किया था। वनडे में उन्हें पांचवीं सफलता मिली है। विश्व कप में उन्होंने पहली बार कोई विकेट लिया है।
कोहली ने खेली 51 रन की पारी
विराट ने इससे पहले बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 56 गेंद पर 51 रन बनाए। कोहली ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने नाबाद 128 और केएल राहुल ने 102 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 61 और शुभमन गिल ने 51 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने नीदरलैंड के खिलाफ 50 ओवर में चार विकेट पर 410 रन बनाए।