ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही चर्चित बिग बैश लीग लगातार चर्चा में बनी हुई है। खिलाड़ियों के जबरदस्त प्रदर्शन के अलावा यहां रोज नई-नई चीजें देखने को मिल रही है। ऐसा ही एक मामला रविवार को लीग के नॉकआउट स्टेज में देखने को मिला। कैनबेरा के मनुका ओवल में सिडनी थंडर और ब्रिस्बेन हीट के बीच खेले गए इस मुकाबले के दौरान उस्मान ख्वाजा की एक हरकत ने खूब सुर्खियां बटोरी।
दरअसल मैच के दौरान सिडनी के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने आठवें ओवर की समाप्ति के बाद बीच मैदान में ही अपने पैंट, जूते, पैड उतारने शुरू कर दिए। इसके बाद उन्होंने अपने कमरबंद (Jock Strap) को बदल दिया। यह सब कुछ मैच के दौरान मैदान के बीच होता देख दर्शक और कमेंटेटर भी हैरान रह गए और हंसने लगे।
हालांकि कुछ समय तक मैच रुके रहने के बाद फिर से शुरू हुआ और उसी ओवर की आखिरी गेंद पर मार्नस लाबुशेन ने उन्हें अपना शिकार बनाया और पवेलियन का रास्ता दिखाया। आउट होने से पहले ख्वाजा ने इस मैच में 30 गेंदों में 28 रन बनाए।
वैसे मैच में सिर्फ ख्वाजा ही नहीं बल्कि मार्नस लाबुशेन भी दूसरी पारी में मैदान के बीच में अपना पैंट उतारते नजर आए। उन्होंने पांचवें ओवर की समाप्ति के बाद अपना टी-शर्ट और पैंट सही किया।