वीडियो की शुरुआत होती है उस वक्त से जब हार्दिक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धुनाई कर रहे होते हैं। विराट रोहित से कहते हैं- हर शॉट छक्का ही जा रहा है। फिर हार्दिक जब आउट होकर पवेलियन लौटते हैं तो विराट समेत बाकी खिलाड़ी उनका जोरदार स्वागत करते हैं। ड्रेसिंग रूम में कुलदीप यादव हेलमेट और पैड पहनकर तैयार दिखते हैं, लेकिन केएल राहुल छक्का लगाकर मैच जिता देते हैं। इसके बाद पूरा ड्रेसिंग रूम जश्न में कूदने लगता है। रोहित अपनी चेयर से उठकर विराट, वरुण और हार्दिक को गले लगाते हैं। फिर हार्दिक मैदान में रोहित को बधाई देते दिखते हैं। हार्दिक राहुल को गर्मजोशी से गले लगाते हैं। बिग स्क्रीन पर इंडिया विन लिखा दिखता है। फिर भारतीय टीम का उनके होटल में जोरदार स्वागत होता है। अर्शदीप सिंह भांगड़ा करते हैं और होटल कर्मचारी से ढोल लेकर खुद बजाने लगते हैं।
बीसीसीआई ने एक और वीडियो शेयर किया है, जिसमें राहुल के विनिंग सिक्स पर रिएक्शन दिखाया गया है। उनके शॉट पर भारतीय खिलाड़ी और स्टेडियम में मौजूद फैंस खुशी से झूमने लगते हैं। राहुल बैट से फ्लाइंग किस भी देते हैं और जडेजा को गले लगाते हैं। कोहली, रोहित और हार्दिक भी उन्हें बधाई देते हैं। राहुल भी 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में हारने वाली टीम का हिस्सा थे और इस जीत से उन्हें भी काफी आत्मविश्वास मिला होगा। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टीव स्मिथ (73) और एलेक्स कैरी (61) के अर्धशतकों के दम पर 48.1 ओवर में 264 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 11 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। 'प्लेयर आफ द मैच' कोहली ने 98 गेंद में पांच चौकों की मदद से 84 रन बनाए।