भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। उन्होंने सात गेंदों के भीतर दो विकेट हासिल कर भारतीय टीम की इस मैच में जबरदस्त वापसी कराई। तेज गेंदबाज को मुकाबले की शुरुआत में इंग्लिश बल्लेबाजों के सामने संघर्ष करते देखा गया था, लेकिन बुमराह ने अपनी लय हासिल कर भारतीय खिलाड़ियों के चेहरे पर रौनक लौटा दी। बुमराह ने सटीक यॉर्कर फेंक कर पोप को क्लीन बोल्ड कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टेस्ट क्रिकेट में आठवीं बार बुमराह का शिकार बने रुट
इंग्लैंड की पारी की शुरुआत में बुमराह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे, लेकिन 26वें ओवर में तेज गेंदबाज ने अपनी घातक गेंदबाजी से कहर ढाते हुए भारत की मुकाबले में वापसी कराई। बुमराह ने इस ओवर की पांचवीं गेंद पर जो रुट को शुभमन गिल के हाथों कैच आउट कराया। टेस्ट क्रिकेट में रुट को बुमराह ने आठवीं बार पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद 28वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने ओली पोप का विकेट हासिल किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सटीक यॉर्कर से पोप को किया क्लीन बोल्ड
विकेटों के लिए संघर्ष कर रही भारतीय टीम के लिए 30 वर्षीय गेंदबाज संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने ऑली पोप के रुप में शानदार सफलता हासिल की। 33 टेस्ट मैच खेल चुके इस गेंदबाज ने ओली पोप को घातक यॉर्कर से क्लीन बोल्ड कर दिया। पोप 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बुमराह ने सात गेंदों के भीतर दूसरा विकेट हासिल कर भारत की इस मुकाबले में वापसी कराई। पोप जिस वक्त आउट हुए इंग्लैंड का स्कोर 136/4 था।
शुक्रवार को शुरु हुए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल की 209 रनों की पारी के दम पर 396 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरे जैक क्रॉउली और बेन डकेट ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी हुई। कुलदीप यादव ने डकेट को 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर रजत पाटीदार के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद अक्षर पटेल ने क्रॉउली को पवेलियन भेजा। क्रॉउली 76 रन बनाकर आउट हुए।