फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ranji Trophy: मालेवार और शोरे ने मुंबई के खिलाफ दिखाया दम, विदर्भ का स्कोर 300 के पार; केरल के लिए चमके सचिन

Mon, 17 Feb 2025 07:51 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नागपुर

सार

विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन गत चैंपियन मुंबई के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट पर 308 रन बना लिए। वहीं, केरल ने पहली बार फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखी।
विज्ञापन
ध्रुव शोरे - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दानिश मालेवार के 79 रन और सलामी बल्लेबाज ध्रुव शोरे के 74 रन की मदद से मेजबान विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के पहले दिन गत चैंपियन मुंबई के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट पर 308 रन बना लिए। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर यश राठौड़ 47 और कप्तान अक्षय वाडकर 13 रन बनाकर खेल रहे थे। वहीं, एक अन्य मुकाबले में अनुभवी सचिन बेबी के नाबाद अर्धशतक से केरल ने गुजरात के खिलाफ धीमी बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 206 रन बनाए। 
विज्ञापन


टेस्ट टीम मे जगह बनाने का दावा फिर पुख्ता करने वाले करुण नायर ने 45 रन बनाए। वह शिवम दुबे की गेंद पर विकेट के पीछे लपके जाने के फैसले से खुश नहीं थे हालांकि उन्होंने डीआरएस लिया। दो बार की चैंपियन टीम के लिए बड़ी साझेदारियां नहीं बन सकी, लेकिन पहले दिन 88 ओवर में 300 रन का आंकड़ा पार कर लिया। मुंबई ने 13 नोबॉल डाली। बाएं हाथ के स्पिनर शम्स मुलानी ने 18 ओवर में 44 रन देकर दो विकेट लिए। दुबे ने नौ ओवर में 35 रन देकर दो विकेट चटकाए और उनमें से एक में सूर्यकुमार यादव ने स्लिप में डाइव लगाकर शानदार कैच लपका।

मालेवार-शोरे की शानदार पारियां 
मुंबई को और सफलताएं नहीं मिल सकी क्योंकि नई गेंद संभालने वाले शार्दुल ठाकुर और मोहित अवस्थी विकेट लेने में नाकाम रहे। ठाकुर ने 14 ओवर में 57 और मोहित ने 61 रन दिए। सुबह का सत्र शोरे के नाम रहा जिन्होंने मोहित की हाफ वॉली पर पड़ रही गेंदों का पूरा फायदा उठाया। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रॉयस्टोन डायस ने मुंबई को पहली सफलता दिलाते हुए अथर्व तायडे (चार) को आउट किया। दिल्ली के पूर्व सलामी बल्लेबाज शोरे ने दूसरे विकेट के लिए पार्थ रेखांडे (23) के साथ 54 रन जोड़े। वह दुबे को ड्राइव लगाने के प्रयास में तीसरी स्लिप में सूर्यकुमार को कैच दे बैठे। इस सत्र में विदर्भ की खोज रहे मालेवार ने शोरे के साथ 51 रन जोड़े। शतक की ओर बढ़ रहे शोरे ने मुलानी की गेंद पर अजिंक्य रहाणे को कैच थमाया। इसके बाद नायर और मालेवार ने 78 रन की साझेदारी की। 

सचिन बेबी ने गुजरात को संभाला
बाएं हाथ के 36 वर्षीय बल्लेबाज सचिन बेबी ने 193 गेंद में आठ चौकों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए जिससे केरल ने पहली बार फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद जीवंत रखी। सचिन बेबी को मोहम्मद अजहरूद्दीन के रूप में उम्दा जोड़ीदार मिला जो 66 गेंद में तीन चौकों की मदद से 30 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों पांचवें विकेट के लि 49 रन की अटूट साझेदारी कर चुके हैं। अजहरूद्दीन को चिंतन गजा की दिन की अंतिम गेंद पर मैदानी अंपायर ने पगबाधा आउट दे दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला उनके पक्ष में आया।
विज्ञापन

गुजरात ने सात गेंदबाजों को आजमाया लेकिन सफलता अर्जन नागवासवाला (39 रन पर एक विकेट), प्रियजीत सिंह जडेजा (33 रन पर एक विकेट) और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (33 रन पर एक विकेट) को ही मिली। केरल की टीम जब दूसरे दिन अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी तो सचिन बेबी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। केरल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जिसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। सचिन बेबी ने 28वां प्रथम श्रेणी अर्धशतक जड़कर पारी को संभाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें