गत विजेता विदर्भ ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ होने वाले अपने बेहद अहम रणजी ट्रॉफी मुकाबले के लिए तेज़ गेंदबाज़ यश ठाकुर को टीम में वापस बुलाया है। यह मुकाबला 29 जनवरी से विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (वीसीए) स्टेडियम में खेला जाएगा। दो बार की चैंपियन विदर्भ इस समय एलीट ग्रुप 'ए' में आंध्र प्रदेश और झारखंड के बाद तीसरे स्थान पर है। छह मैचों में 25 अंकों के साथ विदर्भ का नेट रन रेट 1.578 है, जो झारखंड (1.605) से थोड़ा कम है। क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए विदर्भ को शीर्ष दो में रहना ज़रूरी होगा, ऐसे में यह मुकाबला टीम के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है।
पिछले मैच में मिली हार
पिछले मैच में विदर्भ को आंध्र प्रदेश के हाथों आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जो पिछले 16 रणजी मैचों में उनकी पहली हार थी। यह हार 2023-24 रणजी ट्रॉफी फाइनल के बाद पहली बार आई, क्योंकि विदर्भ 2024-25 के खिताबी अभियान में अपराजेय रहा था। टीम की कमान ऑलराउंडर हर्ष दुबे के हाथों में ही रहेगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ अक्षय वाडकर अब भी कलाई की चोट के चलते टीम से बाहर हैं, उन्हें यह चोट विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान लगी थी।
विदर्भ की टीम
हर्ष दुबे (कप्तान), यश राठौड़ (उपकप्तान), अथर्व तायडे, अमन मोखाड़े, पार्थ रेखाड़े, नचिकेत भूटे, दर्शन नालकांडे, प्रफुल्ल हिंगे, यश कदम, शुभम कापसे, शिवम देशमुख (विकेटकीपर), रोहित बिंकर (विकेटकीपर), गणेश भोसले, आदित्य ठाकरे, सत्यम भोयार, दानिश मालेवार, आर. समर्थ और यश ठाकुर।