ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पर सभी की नजरें होंगी। बॉर्डर-गावस्कर सीरीज से पहले अश्विन ने कहा कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ से निपटने के तरीके ढूंढ लिए हैं। अश्विन और स्मिथ का सामना 22 नवंबर से होने वाली पांच मैचों की सीरीज में होगा और एक बार फिर दोनों के बीच प्रतिद्वंद्विता देखने मिलेगी।
आईपीएल में साथ खेल चुके हैं अश्विन-स्मिथ
अश्विन और स्मिथ आईपीएल फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट (आरपीएसजी) और दिल्ली कैपिटल्स में एक साथ समय बिता चुके हैं जिससे भारतीय स्पिनर को स्मिथ की रणनीति को समझने में मदद मिली। स्मिथ को सबसे पहले भारत के 2013-14 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान गेंदबाजी करने वाले अश्विन ने अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी की प्रशंसा की। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने इस दिग्गज स्पिनर का सामना करते हुए 570 गेंदों में 348 रन बनाए हैं। स्मिथ सिर्फ तीन बार अश्विन की गेंद पर आउट हुए हैं।
अश्विन ने कहा, स्टीव स्मिथ स्पिन के खिलाफ एक खिलाड़ी के रूप में विशेष रूप से आकर्षक हैं। उनके पास एक अनूठी तकनीक है, यहां तक कि तेज गेंदबाजी को खेलने की भी। लेकिन स्पिन के मामले में मुझे लगता है कि वह अच्छी रणनीति और अच्छी तैयारी के साथ आया था और हां, वह इसे किसी भी परिस्थिति में लागू करता था और पिछले कुछ वर्षों में मैंने इसे समझने के तरीके और साधन खोज लिए हैं।
अश्विन ने कहा, जब स्मिथ दिल्ली कैपिटल्स में रहा, आरपीएसजी में रहा, वे सभी नेट सत्र जो मैंने उसके साथ बिताए उससे मुझे यह समझ में आया कि वह कैसे तैयारी करता है और उसे क्या पसंद है और क्या नहीं। वह बहुत सोचने वाला क्रिकेटर भी है। वह हर समय आपसे बेहतर प्रदर्शन करना चाहता है। उसके पास अभ्यास करने और मैदान में आपका सामना करने के अनोखे तरीके हैं। कभी-कभी एक गेंदबाज के तौर पर जब आप बल्लेबाज को उसकी प्रक्रिया से गुजरते हुए देखते हैं तो आप पहचान लेते हैं कि कमी कहां है। लेकिन बहुत बाद में जब मुझे लगता है कि मैंने समझ लिया है कि वह क्या करता है या कैसे बल्लेबाजी करता है तो मैं उससे आगे निकल जाता हूं।