अनुभवी हेली मैथ्यूज (14 गेंदों पर पांच रन) जब रन बनाने के लिये संघर्ष कर रही थी तब शेफाली ने कुछ दर्शनीय शॉट लगाये। शकीरा सेलमान पर लगातार दो चौके हों या अनुभवी राजेश्वरी गायकवाड़ के खिलाफ अपनाया गया आक्रामक रूख, शेफाली ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने हरलीन की गेंद पर प्वाइंट पर कैच थमाया।
इसके बाद वॉट ने अच्छी तरह से जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने स्टेफनी टेलर और हरलीन पर छक्के जड़े। जब टीम को दो रन की दरकार थी तब वेलोसिटी ने सात गेंद के अंदर पांच विकेट गंवाये जिनमें वॉट और मिताली भी शामिल थी। दीप्ति ने एक ओवर में तीन बल्लेबाजों को बोल्ड किया। सुश्री प्रधान ने हालांकि इसी ओवर की अंतिम गेंद पर दो रन लेकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। ट्रेलब्लेजर्स ने चार कैच भी छोड़े जो उसको महंगे पड़े।
इससे पहले पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने वाली ट्रेलब्लेजर्स की टीम रन बनाने के लिये जूझती रही। वेलोसिटी के लिये बिष्ट और केर के अलावा ऑफ स्पिनर सुश्री प्रधान ने तीन ओवर में 14 रन देकर एक और मध्यम गति की गेंदबाज शिखा पांडे ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट लिया।
पिछले मैच में जीत की नायिका रही कप्तान स्मृति मंदाना (दस रन) तीसरे ओवर में ही शिखा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठी जिससे ट्रेलब्लेजर्स अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाया। इसके अलावा उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाये। ट्रेलब्लेजर्स का स्कोर 15 ओवर के बाद तीन विकेट पर 73 रन था। इसके बाद दीप्ति शर्मा (16) ने कुछ अच्छे शॉट लगाये जिससे टीम कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पायी।