सार
भारतीय युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने आईसीसी महिला वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में 53 स्थान की छलांग लगाकर 94वां स्थान हासिल किया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में 39 रन देकर पांच विकेट लेने के बाद उन्हें यह सफलता मिली। वहीं, सयाली सतघरे 85वें और क्रांति गौड़ 24वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बल्लेबाजी रैंकिंग में प्रतिका रावल 18वें और शेफाली वर्मा 65वें स्थान पर पहुंचीं। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम की।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने आईसीसी की ताजा महिला वनडे रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के दम पर वैष्णवी गेंदबाजों की रैंकिंग में 53 स्थान ऊपर चढ़कर 94वें पायदान पर पहुंच गई हैं। वह इस बार रैंकिंग में सबसे ज्यादा फायदा हासिल करने वाली भारतीय खिलाड़ी बनीं। 20 वर्षीय वैष्णवी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में लगातार प्रभावशाली गेंदबाजी की। उन्होंने दूसरे वनडे में चार विकेट हासिल किए, जबकि तीसरे और आखिरी मुकाबले में 39 रन देकर पांच विकेट झटके। यह वनडे क्रिकेट में उनका पहला पांच विकेट हॉल था। अपने करियर का महज तीसरा वनडे खेल रहीं वैष्णवी को इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी गेंदबाजी की बदौलत भारत ने सीरीज में जिम्बाब्वे का 3-0 से क्लीन स्वीप किया।
सयाली सतघरे और क्रांति गौड़ को भी हुआ फायदा
आईसीसी गेंदबाजी रैंकिंग में वैष्णवी के अलावा अन्य भारतीय गेंदबाजों ने भी सुधार किया है। तेज गेंदबाज सयाली सतघरे 18 स्थान की छलांग लगाकर 85वें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने सीरीज के आखिरी वनडे में शानदार गेंदबाजी करते हुए छह ओवर में महज 11 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 30 डॉट गेंदें भी फेंकीं। वहीं, बाएं हाथ की स्पिनर क्रांति गौड़ एक स्थान ऊपर चढ़कर 24वें पायदान पर पहुंच गई हैं। उन्होंने तीसरे वनडे में दो विकेट अपने नाम किए थे।
जिम्बाब्वे की नोमवेलो सिबांडा को भी मिली सफलता
जिम्बाब्वे की गेंदबाज नोमवेलो सिबांडा को भी ताजा रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह दो स्थान ऊपर चढ़कर 60वें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारतीय पारी की पहली ही गेंद पर यास्तिका भाटिया को आउट कर टीम को शुरुआती सफलता दिलाई थी।
बल्लेबाजी रैंकिंग में प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा आगे बढ़ीं
गेंदबाजी के साथ-साथ भारतीय बल्लेबाजों ने भी आईसीसी वनडे रैंकिंग में सुधार किया है। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल तीन स्थान ऊपर चढ़कर 18वें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाकर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया। वहीं, आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जानी जाने वाली शेफाली वर्मा ने भी आठ स्थान की छलांग लगाई है। तीसरे वनडे में 51 रन की तेजतर्रार पारी खेलने के बाद वह बल्लेबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से 65वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों को भी मिला फायदा
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी रैंकिंग में भी सुधार देखने को मिला है। मोडेस्टर मुपाचिकवा तीन स्थान ऊपर चढ़कर 36वें नंबर पर पहुंच गई हैं। उन्होंने आखिरी वनडे में 37 रन की पारी खेली थी। वहीं, टीम की कप्तान जोसेफिन नकोमो दो स्थान की छलांग लगाकर 49वें पायदान पर पहुंच गई हैं।