युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने की संभावना से उतने उत्साहित नहीं हैं जितना राजस्थान रॉयल्स में दिग्गज राहुल द्रविड़ से कोचिंग लेने को लेकर हैं। पिछले महीने 13 वर्षीय सूर्यवंशी आईपीएल नीलामी में खरीदे जाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए थे जिसमें उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था जिसके कोच द्रविड़ होंगे।
'राहुल द्रविड़ सर के मार्गदर्शन में खेलने के लिए उत्साहित हूं'
सूर्यवंशी ने कहा, मुझे वाकई खुशी है कि मुझे आईपीएल में खेलने का मौका मिल रहा है। मैं आईपीएल में खेलने से ज्यादा राहुल द्रविड़ सर के मार्गदर्शन में खेलने के लिए उत्साहित हूं। मैं उनकी कोचिंग में खेलने के लिए खुश हूं। आईपीएल के लिए मेरे पास कोई रणनीति नहीं है। मैं बस वैसे ही खेलूंगा जैसा मैं खेलता हूं।
फाइनल में मिली हार पर क्या बोले सूर्यवंशी?
सूर्यवंशी का यह भी मानना है कि भारतीय टीम ने हाल में आयोजित अंडर-19 एशिया कप में खराब प्रदर्शन नहीं किया। पर टीम फाइनल में बांग्लादेश से हारकर खिताब जीतने में विफल रही। उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर को फाइनल मुकाबले में भारत का बल्लेबाजी क्रम चरमरा गया और ऐसा किसी भी टीम के साथ हो सकता है। दुबई में हुए फाइनल में 199 रन का पीछा करते हुए भारतीय टीम 35.2 ओवर में 139 रन पर ढेर हो गई और उसे 59 रन से हार का सामना करना पड़ा।
सूर्यवंशी ने कहा, मैं यह नहीं कहूंगा कि हमने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। ऐसे दिन भी आते हैं जब टीम की बल्लेबाजी चरमरा जाती है। फाइनल में हमारे साथ यही हुआ।
राजस्थान रॉयल्स ने सूर्यवंशी को खरीदा था
आईपीएल नीलामी में 13 साल के वैभव सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा। इस खिलाड़ी का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था और वह अपने बेस प्राइस से लगभग चार गुना ज्यादा दाम पर बिके। बिहार के वैभव ने सिर्फ 13 साल और 242 दिनों की उम्र में आईपीएल नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के रूप में इतिहास रच दिया था। उन्हें आईपीएल में टीम भी मिल गई है। वैभव के लिए राजस्थान और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लड़ाई थी।