राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। वैभव इसके साथ ही ना सिर्फ आईपीएल बल्कि टी20 क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में रियान पराग को पीछे छोड़ा। गुजरात ने राजस्थान को 210 रनों का लक्ष्य दिया है, जवाब में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है।
गुजरात की पारी
शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 210 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। उनके लिए कप्तान गिल ने सर्वाधिक 84 रन बनाए। वहीं, गुजरात के लिए महीश तीक्षणा ने दो जबकि जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा को एक-एक विकेट मिला।
14 साल 32 दिन की उम्र में जड़ा पचासा
वैभव ने 14 साल 32 दिन की उम्र में आईपीएल में अर्धशतक लगाया और वह इस टूर्नामेंट में पचासा लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में राजस्थान के ही पराग को पीछे छोड़ा जिन्होंने 17 साल 175 दिन की उम्र में आईपीएल में अर्धशतक लगाया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर राजस्थान के नियमित कप्तान संजू सैमसन हैं जिन्होंने 18 साल 169 दिन की उम्र में इस लीग में पचासा लगाया था। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए पृथ्वी शॉ ने 18 साल 169 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था।
ये भी पढ़ें: IPL 2025: कोहली ने टी20 क्रिकेट में साझेदारी बनाने पर दिया जोर, बताया क्रुणाल ने उन्हें क्या दी थी सलाह
वैभव ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
वैभव ने अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी के बेटे हसन एइशाखिल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 15 साल 360 दिन की उम्र में टी20 में अर्धशतक लगाया था। हसन ने 2022 में शपागीजा लीग में बूस्ट डिफेंडर्स के लिए खेलते हुए काबुल ईगल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। हालांकि, बिहार के वैभव ने यह रिकॉर्ड तोड़ दिया और विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
निकोलस पूरन को पीछे छोड़ा
वैभव ने इसके साथ ही आईपीएल के मौजूदा सीजन का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। इस मामले में उन्होंने निकोलस पूरन को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। इस सूची में तीसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा हैं जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 19 गेंदों पर पचासा लगाया था। वैभव का यह पचासा राजस्थान के लिए दूसरा सबसे तेज और गुजरात के खिलाफ किसी बल्लेबाज का सबसे तेज अर्धशतक है।