फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

U19 World Cup: अंडर-19 विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम घोषित, वैभव सूर्यवंशी सहित तीन भारतीय खिलाड़ी शामिल

Sun, 08 Feb 2026 02:18 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

अंडर-19 विश्व कप के लिए चुनी गई सर्वश्रेष्ठ टीम में तीन भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली है। दिलचस्प बात यह है कि विश्व विजेता कप्तान आयुष म्हात्रे का नाम इसमें शामिल नहीं है।
विज्ञापन
अंडर-19 विश्व कप - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंडर-19 विश्व कप खत्म हो चुका है और रविवार को आईसीसी ने टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम घोषित की। इसमें फाइनल मुकाबले में दमदार पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है, जबकि अन्य दो भारतीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। हालांकि, कप्तान आयुष म्हात्रे सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह नहीं बना सके। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंद में 175 रन की शानदार पारी खेलने के बाद टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए 14 साल के सूर्यवंशी के अलावा टीम के उनके साथी कनिष्क चौहान और हेनिल पटेल को भी 12 सदस्यीय टीम में जगह मिली। 
विज्ञापन
Trending Videos

भारत छठी बार बना विजेता
भारत ने इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीता। कनिष्क ने बल्ले और गेंद दोनों से लगातार महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि हेनिल के 11 विकेट में अमेरिका के खिलाफ 16 रन देकर पांच विकेट का शानदार स्पैल भी शामिल था। उप विजेता इंग्लैंड के भी तीन खिलाड़ी टीम में जगह बनाने में सफल रहे जिसमें थॉमस रेव को कप्तान और विकेटकीपर बनाया गया है। रेव ने 66 की औसत से 330 रन बनाए जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मैच जिताने वाला शतक भी शामिल है।

मैनी लुम्सडेन 16 विकेट के साथ टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज रहे। बेन मायेस को भी टीम में जगह मिली जो स्कॉटलैंड के खिलाफ 191 रन की पारी सहित कुल 444 रन बनाकर टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर रहे। मायेस अंडर-19 पुरुष विश्व कप में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर के सर्वकालिक रिकॉर्ड की बराबरी करने से सिर्फ एक रन दूर थे जो चार दिन पहले श्रीलंका के विरान चामुदिथा ने बनाया था। विरान को भी टीम में चुना गया है। चामुदिथा ने जापान के खिलाफ 192 रन बनाए और अपनी इस पारी में 26 चौके और एक छक्का लगाया।

चयन पैनल में कौन-कौन था शामिल?
फैजल खान शिनोजादा और नूरीस्तानी उमरजाई की अफगानिस्तान की जोड़ी को भी टीम में चुना गया जिन्होंने अपने देश को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फैजल ने टूर्नामेंट में आयरलैंड और भारत के खिलाफ लगातार दो शतक लगाए जबकि नूरीस्तानी ने 14 विकेट लिए जिसमें तंजानिया के खिलाफ नौ रन देकर पांच विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ओलिवर पीक ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाए। ओलिवर, पाकिस्तान के अली रजा और वेस्टइंडीज के विटेल लावेस को भी टीम में जगह मिली। रजा ने 13.92 की औसत से 13 विकेट लिए और उनका इकोनॉमी रेट चार रन प्रति ओवर से थोड़ा अधिक था जबकि जमैका के बाएं हाथ के स्पिनर लावेस ने पांच मैच में 10 विकेट लिए। चयन पैनल में इयान बिशप (समन्वयक), लीडिया ग्रीनवे, एंडी फ्लावर और टेलफोर्ड वाइस शामिल थे।
विज्ञापन

आईसीसी अंडर-19 पुरुष विश्व कप की सर्वश्रेष्ठ टीम: वैभव सूर्यवंशी (भारत), विरान चामुदिथा (श्रीलंका), फैजल खान शिनोजादा (अफगानिस्तान), थॉमस रेव (विकेटकीपर, कप्तान) (इंग्लैंड), ओलिवर पीक (ऑस्ट्रेलिया), बेन मायेस (इंग्लैंड), कनिष्क चौहान (भारत), नूरीस्तानी उमरजई (अफगानिस्तान), विटेल लावेस (वेस्टइंडीज), अली रजा (पाकिस्तान), मैनी लुम्सडेन (इंग्लैंड), हेनिल पटेल (भारत)।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें