भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मैच से पहले डेविड वॉर्नर शानदार लय में हैं। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने कहा कि उनके साथी सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वह भारत के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के लिए तैयार दिख रहे हैं।
वॉर्नर इस साल के शुरू में भारत के खिलाफ सीरीज में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, लेकिन इसके बाद इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया और 14 मैचों में 516 रन बनाए।
वॉर्नर की फॉर्म को लेकर ख्वाजा ने कहा ‘‘मैंने उसे पिछले दो दिनों से अभ्यास करते हुए देखा और मैं उस पर नजर नहीं लगाना चाहता लेकिन वह बहुत अच्छी स्थिति में दिख रहा है।’’
वॉर्नर को टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और एशेज के पहले दो मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने विकल्प के तौर पर मार्कस हैरिस और मैट रेनशॉ को भी टीम में रखा है लेकिन ख्वाजा का मानना है कि अगर वॉर्नर को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है तो वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
ख्वाजा ने कहा,‘‘मैंने हाल के दिनों में उसका नेट्स पर इतना बेहतरीन प्रदर्शन देखा। यह हमेशा रन बनाने से ही नहीं जुड़ा होता है लेकिन डेविड वॉर्नर के लिए रन बनाने का कोई मौका हो सकता है तो वह यह दौरा हो सकता है। वह प्रतिकूल परिस्थितियों में हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं।’’
इस बीच डेविड वॉर्नर ने अपने संन्यास के बारे में भी खुलासा किया है। वह अगले साल जनवरी के महीने में अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेलना चाहते हैं। वह अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप के बाद संन्यास लेना चाहते हैं। अगले महीने शुरू हो रही एशेज सीरीज में वॉर्नर अपने देश से बाहर आखिरी टेस्ट मैच खेल सकते हैं।