अमेरिका और पाकिस्तान के बीच गुरुवार को टी20 विश्व कप 2024 का 11वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के जरिए बाबर आजम की टीम मौजूदा टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इससे पहले मेजबान टीम के कप्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ हुंकार भरी है। उन्होंने पाकिस्तान को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनके खिलाड़ी 30-40 मिनट मैदान पर टिक गए तो मुकाबला उनके पक्ष में जा सकता है।
कनाडा को हराकर अमेरिका के हौसले बुलंद
अमेरिका ने इस टूर्नामेंट में अपना पहला मैच कनाडा के खिलाफ खेला। दो जून को दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला डलास में खेला गया जिसमें कुल 391 रन बने। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कनाडा ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 194 रन बनाए। जवाब में अमेरिका ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 197 रन बनाए और सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अमेरिका की टीम पहली बार इस टूर्नामेंट में खेल रही है। पहला मैच जीतने के बाद कप्तान मोनांक पटेल के हौसले बुलंद हैं।
आरोन जोन्स ने मचाया धमाल
अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने कहा, "एक बार हम पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर 30-40 मिनट टिक गए, तो हम यह मैच जीत सकते हैं।" कनाडा के खिलाफ विकेटकीपर बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए थे। उन्होंने 16 गेंदों पर 16 रनों की पारी खेली थी। वहीं, एंड्रिस गॉस औक आरोन जोन्स ने दमदार प्रदर्शन किया था। गॉस ने सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 65 रन बनाए थे जबकि जोन्स ने चार चौकों और 10 छक्कों की सहायता से 94 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इस मैच में आरोन को उनके विस्फोटक प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
अमेरिका: स्टीवन टेलर, मोनांक पटेल (कप्तान), एंड्रीस गौस, एरॉन जोंस, कोरी एंडरसन, नीतीश कुमार, हरमीत सिंह, शैडली वान शल्कविक, जसदीप सिंह, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर।
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), उस्मान खान, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, हारिस रऊफ, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, अबरार अहमद/अब्बास अफरीदी।