एशिया कप में भारतीय टीम का पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजरें इस मुकाबले पर जमी हुई हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला भी इनमें से एक हैं। उर्वशी ने मैच देखते हुए तस्वीर शेयर की है, इस तस्वीर में पाकिस्तानी गेंदबाज नसीम शाह भी नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच रिश्ते की खबरें पहले भी चर्चा में रही हैं और अब उर्वशी ने नसीम की तस्वीर शेयर कर फिर इन्हें हवा दी है।
उर्वशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारत और पाकिस्तान मैच देखते हुए फोटो शेयर की। इस फोटो में पाकिस्तान की पूरी टीम दिख रही है और नसीम शाह फोटो के बीच में हैं। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए लिखा कि यह उनका वर्कआउट टाइम है। इससे साफ है कि वह जिम में अपनी फिटनेस के लिए मेहनत कर रही हैं और मैच भी देख रही हैं।
2022 में चर्चा में आए थे दोनों
पिछले साल एशिया कप टी20 फॉर्मेट में हुआ था। इस दौरान उर्वशी ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह और नसीम शाह मुस्कुरा रहे थे। फैंस ने दोनों के मुस्कुराने के अलग-अलग पलों को कैद करके एक वीडियो बनाया था, जिसे उर्वशी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था। इसके बाद नसीम शाह के साथ उनके अफेयर की खबरें आने लगी थीं। बाद में उर्वशी ने इस मामले में सफाई भी दी थी। उर्वशी ने इंस्टाग्राम में एक स्टोरी लगाकर लिखा था "दो दिन पहले मेरी टीम ने एक क्यूट वीडियो शेयर किया था, जिसे फैंस ने एडिट किया था। हमें नहीं पता था कि और कौन लोग शामिल हैं। मैं मीडिया से निवेदन करती हूं कि इस बारे में कोई खबर न बनाएं। सभी का धन्यवाद, सभी को प्यार।"
क्या था वीडियो?
उर्वशी ने इंस्टाग्राम स्टोरी में नसीम के साथ जो वीडियो शेयर किया था उसमें वह एक फ्रेम में थीं। वहीं, नसीम दूसरे फ्रेम में थे। दोनों एक साथ नहीं थे। उर्वशी द्वारा इंस्टाग्राम स्टोरी में वीडियो शेयर किए जाने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया था। इसके बाद नसीम ने इस मामले पर अपनी सफाई दी थी। एक वीडियो में उर्वशी को लेकर बात करते हुए उन्होंने कहा था ''मुझे तो ऐसा कुछ नहीं पता, मैं तो मैदान पर खेलता हूं। इस तरह लोग वीडियो लोग भेजते रहते हैं। स्टेडियम में आकर जो भी मैच देखते हैं यह उनकी मेहरबानी है। मेरे लिए यह अच्छी बात है कि लोग पसंद कर रहे हैं। कोई भी अगर मेरे लिए आता है तो मैं कौन सा आसमान से आया हुआ हूं। मेरे अंदर ऐसा कुछ खास नहीं है। मुझे कुछ पता नहीं है कि उर्वशी कौन हैं और क्या है। मुझे नहीं पता वीडियो कहां से आया। इस सब चीजों को लेकर मेरी कोई योजना नहीं है। मैं सिर्फ अभी क्रिकेट पर ध्यान देना चाहता हूं।''