टीम इंडिया के बांए हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना का बल्ला फाइनल मैच में चल ही गया और ऐसा चला कि टीम मैच जीत गई। बात मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल मैच की है। बुधवार को उत्तरप्रदेश (यूपी) और बढ़ौदा के बीच फाइनल मैच हुआ।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में कप्तान सुरेश रैना की अगुआई वाली टीम यूपी ने मैच 38 रनों से जीता। मैच के हीरो सुरेश रैना रहे। रैना भले ही इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैचों की श्रृंखला में टीम में न हों लेकिन टी-20 में वह युवराज और हरभजन समेत पुराने दिग्गजों के साथ वापसी करेंगे।
26 जनवरी से पहला टी-20 मैच होगा। इससे पहले सुरेश रैना ने अपनी आतिशी पारी से टीम को विजयी बना दिया। वह फॉर्म में चल रहे हैं।
सुरेश रैना ने लगाए दो छक्के और दो चौके
पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी ने बढ़ौदा के सामने 20 ओवरों में 7 विकेट पर 163 रनों का लक्ष्य रखा। इसमें प्रशांत गुप्ता ने सर्वाधिक 49 रन (5 चौके और एक छक्का) बनाए। जबकि कप्तान सुरेश रैना ने 47 रनों (37 गेंदों में) की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 2 छक्के और 2 चौके भी लगाए।
जवाब में बढ़ौदा की टीम 7 विकेट खोकर 125 रन ही बना सकी। यूपी की ओर से सबसे सफल गेंदबाज अंकित राजपूत (3 विकेट) रहे। जबकि कुलदीप यादव और अमित मिश्रा को 2-2 सफलताएं मिली।
रैना की लौटी फॉर्म, पांड्या हो रहे फ्लॉप
गौरतलब है कि यूपी के कप्तान सुरेश रैना और बढ़ौदा के क्रिकेटर हार्दिक पांड्या दोनों का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 में चयन हुआ है। एक तरफ रैना लगातार फ्लॉप के बाद फॉर्म में लौट आए हैं। रैना ने पिछले 9 टी-20 मैचों में 30 से ज्यादा स्कोर नहीं बनाया।
दूसरी ओर पांड्या ने पिछले 5 टी-20 मैचों में दो बार 80 से ऊपर का स्कोर खड़ा किया। जबकि आखिरी तीन मुकाबलों में वह बल्ले से चमक दिखाने में नाकाम रहे।