भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शनिवार को खेले गए त्रिकोणीय सीरीज के अपने दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान को 33 रनों से हरा दिया। इस जीत से भारत को चार अंक मिले।
मेजबान टीम की ओर से रखे गए 237 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेहमान टीम 47.3 ओवरों में 203 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। भारत की ओर से खलील अहमद ने सबसे अधिक चार विकेट झटके जबकि प्रदीप्त प्रमाणिक और महिपाल लोमरोर ने दो-दो विकेट चटकाए।
इससे पहले त्रिकोणीय सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 82 रनों से बुरी तरह रौंदा था। जिसमें तेज गेंदबाज अवेश खान ने 4 विकेट झटके थे। भारतीय टीम सीरीज में खेले गए दोनों मैचों में आगे चल रही है। भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम के कोच राहुल द्रविड़ हैं। सीरीज का फाइनल मुकाबला 29 नवंबर को खेला जाएगा।