अंडर-19 वर्ल्ड कप में शनिवार को कुल चार मुकाबले खेले गए और इसी के साथ टूर्नामेंट के लिए क्वार्टरफाइनल मुकाबलों के दावेदार भी तय हो गए। दिन के पहले मुकाबले में ग्रुप-ए में श्रीलंका की टीम ने कमजोर जापान को 81 गेंदें शेष रहते हुए नौ विकेट से हरा दिया। मैच में जापान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 43 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने एक विकेट खोकर 22वें ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया।
वहीं ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने आठ विकेट से आसान जीत दर्ज की। स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37.2 ओवर में 140 रन बनाए तो जवाब में जिम्बाब्वे ने 17.1 ओवर में ही दो विकेट गंवाकर 149 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से बाजी मार ली।
इनके अलावा दिन के महत्वपूर्ण मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 23 रन से हराकर क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। ग्रुप-डी के इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 299 रन बनाए लेकिन बारिश की वजह से यूएई को 23.5 ओवर में 136 रन का संसोधित लक्ष्य मिला जिसके जवाब में टीम 112 रन ही बना पाई और मैच हार गई।
दिन के आखिरी मुकाबले में ग्रुप-बी में इंग्लैंड ने नाइजीरिया को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से हराकर टूर्नामेंट की अपनी पहली जीत दर्ज की हालांकि वो क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने में असफल रही।