अंपायर ने बल्लेबाज को आउट दिया लेकिन गेंदबाज भी इस फैसले से नाराज थीं
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज में अंपायरिंग चर्चा का विषय रही है। भारतीय अंपायर नितिन मेनन को खराब फैसलों के लिए जमकर आलोचना झेलनी पड़ी है। फैंस ने सोशल मीडिया पर मेनन को जमकर ट्रोल किया है। इस बीच एक घरेलू मैच में खराब अंपायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अंपायर बहुत देर बाद अपना फैसला देता है। फैंस इस अंपायर की तुलना स्टीव बकनर से कर रहे हैं। स्टीव बकनर बार-बार सचिन को गलत आउट देने के लिए बदनाम थे।
वायरल वीडियो में गेंदबाज कैच आउट की जोरदार अपील करती हैं। हालांकि, अंपायर कोई प्रतिक्रिया नहीं देता। अंपायर के फैसले से गेंदबाजी कर रही टीम बेहद निराश होती है और निराशा जाहिर भी करती है। इसके बाद गेंदबाज अगली गेंद करने के लिए अपने रन अप में लौट जाती हैं। वह अगली गेंद करने वाली होती हैं तभी अंपायर अपनी अंगुली उठा देता है और बल्लेबाज आउट हो जाता है। इसके बाद बल्लेबाज हैरानी जाहिर करते हुए पवेलियन लौट जाता है।
सोशल मीडिया पर अंपायरिंग का यह वीडियो वायरल हो रहा है। फैंस इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। कोई इस अंपायर की तुलना स्टीव बकनर से कर रहा है तो कोई कह रहा है कि अंपायर इंटरनेट एक्सप्लोरर की तरह काम कर रहा है।
वहीं, एक फैन ने लिखा कि अंपायर अपने दिमाग में स्लो मोशन में वीडियो देख रहा था और इसके बाद उसने सटीक फैसला सुनाया। एक अन्य यूजर ने लिखा कि जब विकेटकीपर आपका दोस्त होता है तो आपको आउट देना पड़ता है। हालांकि, वीडियो देखकर लग रहा है कि गेंद बल्लेबाज के ग्लव्स में लगने के बाद विकेटकीपर के पास गई थी। ऐसे में अंपायर का आउट देना लाजिमी था, लेकिन अंपायर ने अपना फैसला देने में इतना समय लगाया कि वह ट्रोल हो गए।