आईपीएल-6 में अब तक फिसड्डी रहने वाली दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के मुख्य बल्लेबाज डेविड वार्नर का मानना है कि उमेश यादव चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के मुख्य हथियार साबित होंगे।
पुणे वारियर्स के खिलाफ दिल्ली डेयरडेविल्स को रविवार रात मिली 15 रन की जीत में प्रमुख भूमिका निभाने वाले उमेश यादव की प्रशंसा करते हुए वार्नर ने कहा कि चोट से उबरते हुए उन्होंने शानदार वापसी की है। वह आगामी चैंपियंस ट्राफी में भारत के लिए उपयोगी साबित होगा।
वार्नर ने कहा कि मुझे लगता है कि उमेश बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहा है। उमेश यादव चैंपियंस ट्रॉफी के संभावित खिलाड़ियों में हैं।
दिल्ली डेयरडेविल्स के मध्यम तेज गेंदबाज उमेश यादव ने पुणे वारियर्स के खिलाफ 24 रन पर दो विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।
इस जीत के साथ दिल्ली ने रविवार रात पुणे वारियर्स को 15 रन से हराकर आईपीएल-6 में दूसरी जीत का स्वाद चखा।
दिल्ली इस जीत से तालिका में निचला स्थान छोडकर आठवें नम्बर पर आ गई है जबकि पुणे की टीम नौंवे स्थान पर खिसक गई है।