भारत दौरे पर पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज उमर अकमल के खराब फॉर्म को लेकर कई पूर्व क्रिकेटरों ने उनकी आलोचना की है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने तीसरे वनडे के लिये अकमल को आड़े हाथों लेते हुए कहा, 'उमर कब गंभीरतापूर्वक खेलना सीखेंगे। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में काफी समय से है। उन्हें अब अपने प्रदर्शन का मूल्यांकन करना चाहिये।'
उल्लेखनीय है कि विकेट कीपर कामरान अकमल के छोटे भाई उमर तीसरे वनडे के दौरान मैच के अहम पड़ाव पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गये थे। पाकिस्तानी टीम इस दौरान भारत द्वारा तय किये गये 168 रनों के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही थी।
पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा, 'मुझे लगता है कि अब चयनकर्ताओं के लिये समय आ गया है कि वे उमर को बता दें कि उनके लिये टीम में अब कोई जगह नहीं है।' उन्होंने कहा कि उमर जब तक अपने रवैये तथा व्यवहार में कोई सुधार नहीं कर लेते उन्हें सिर्फ घरेलू क्रिकेट में जगह दी जानी चाहिये। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोइन खान ने भी कहा कि उमर अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं।