ट्विटर पर कुछ यूजर्स का मानना है कि 42 वर्षीय सुनक का चेहरा टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आशीष नेहरा से मिलता जुलता है। उन्होंने ऋषि सुनक के लिए बधाई संदेश पोस्ट करते हुए आशीष नेहरा की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। इतना ही कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो सुनक की जगह आशीष नेहरा को ब्रिटेन का अगला प्रधानमंत्री बनने के लिए बधाई दी। साथ ही कई लोगों ने ब्रिटेन से 'कोहिनूर हीरा' लाने का प्लान भी बताया।
एक यूजर ने लिखा- आशीष नेहरा को यूके का प्रधानमंत्री बनने पर बधाई। आईपीएल में बतौर कोच गुजरात टाइटंस के साथ खिताब जीतने के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने तक की आपकी यात्रा शानदार रही है। वहीं, ड्राइवर रामुदु नाम के एक यूजर ने लिखा- एक बार ऋषि सुनक के प्रधानमंत्री बनने पर कोहिनूर लाने के लिए मेरा फूलप्रूफ प्लान। उन्हें भारत बुलाया जाए। फिर उन्हें ससुरालव जाने तक के रास्ते में किडनैप कर लिया जाए, जब वह बेंगलुरु की ट्रैफिक में फंस जाएं और फिर आशीष नेहरा को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के तौर पर भेज दिया जाए। फिर उनसे कोहिनूर को लौटाने के लिए एक बिल पास करवाई जाए। इसके लिए कोई प्लान बी की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, सोक्रेट्स नाम के एक यूजर ने लिखा- ऋषि सुनक और आशीष नेहरा कुंभ के मेले में बिछड़े हुए लगते हैं। दरअसल, इंफोसिस के संस्थापक नारायण मूर्ति ऋषि सुनक के ससुर हैं। सुनक के प्रधानमंत्री चुने जाने पर नारायण मूर्ति ने बधाई भी दी थी और अपनी पहली प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा- मुझे उन पर गर्व है, उनकी सफलता की कामना करता हूं। फार्मासिस्ट मां और चिकित्सक पिता के पुत्र सुनक की पढ़ाई इंग्लैंड के सबसे प्रसिद्ध स्कूलों में से एक, विनचेस्टर और फिर ऑक्सफोर्ड में हुई थी। इसके बाद उन्होंने गोल्डमैन सैक्स ग्रुप इंक में तीन साल काम किया।