यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के बल्लेबाज आसिफ खान पर प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन के मामले में 15 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। प्रतिबंध के चलते आसिफ खान सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से दूर रहेंगे।
मेस्ट्रोलोन के मेटाबोलाइट की हुई पुष्टि
36 वर्षीय आसिफ खान ने 8 सितंबर 2025 को हुए आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन डोपिंग टेस्ट के बाद आईसीसी एंटी-डोपिंग कोड के आर्टिकल 2.1 के उल्लंघन की बात स्वीकार की है। उनके यूरिन सैंपल में मेस्ट्रोलोन के मेटाबोलाइट की मौजूदगी पाई गई थी। मेस्ट्रोलोन एक सिंथेटिक एनाबॉलिक-एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड (एएएस) है, जिसे वर्ल्ड एंटी-डोपिंग एजेंसी (वाडा) ने प्रतियोगिता के दौरान और प्रतियोगिता से बाहर, दोनों ही स्थितियों में प्रतिबंधित किया हुआ है।
केस रेजोल्यूशन एग्रीमेंट के तहत मिली सजा
आईसीसी ने बताया कि आसिफ खान ने वाडा और आईसीसी के साथ हुए केस रेजोल्यूशन एग्रीमेंट के तहत 15 महीने की अयोग्यता स्वीकार की है। आईसीसी के अनुसार, 8 सितंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 तक के उनके व्यक्तिगत परिणामों को अयोग्य घोषित किया गया है। इसमें उनके सभी संबंधित नतीजे, पदक, अंक और पुरस्कार राशि भी शामिल हैं। इस समझौते के तहत आसिफ के पास फैसले के खिलाफ अपील करने का अधिकार नहीं है।
अक्तूबर से ट्रेनिंग की अनुमति
आसिफ खान को 8 अक्तूबर 2026 से यूएई की आधिकारिक सुविधा में ट्रेनिंग करने की अनुमति होगी। हालांकि, वह 8 दिसंबर 2026 तक किसी भी प्रतियोगी मैच में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
पाकिस्तान में भी खेल चुके हैं घरेलू क्रिकेट
आसिफ खान ने वर्ष 2007 से 2014 तक पाकिस्तान में घरेलू क्रिकेट खेला। इसके बाद वह 2017 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के उद्देश्य से यूएई चले गए। उन्होंने 2022 में यूएई के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया। अब तक वह यूएई के लिए 38 वनडे और 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। वनडे में उनके नाम 1270 रन, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 1302 रन बनाए हैं।